अमेठी: रामगंज चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल की माैत
अमेठी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रामगंज थाना की रिपोर्टिंग चौकी रामगंज पर तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र यादव (45) का शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। हृदयाघात के चलते उनकी मौत हुई। उनके निधन की खबर से अमेठी पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को हेड कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें स्थानीय स्तर पर चिकित्सक को दिखाया और उपचार कराया गया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उनका निधन हो गया।
हेड कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र यादव मूलरूप से चंदौली जनपद के निवासी थे। वह रामगंज चौकी पर तैनात रहते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। उनके अचानक निधन से सहकर्मियों और पुलिस विभाग के अधिकारियों में दुख का माहौल है।
इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी अमेठी मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि हेड कांस्टेबल प्रकाशचन्द्र यादव की मृत्यु हृदय गति रुक जाने से हुई है। उनके निधन से पूरा पुलिस परिवार अत्यंत दुखी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी