घर में फंदे से लटकता मिला युवती का शव

 


अमेठी, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत संग्रामपुर थाना क्षेत्र की रिपोर्टिंग चौकी टीकर माफी के रानीपुर मजरे करनाईपुर गांव में युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में लग गई।

बताया जा रहा है कि रानीपुर निवासी जंग बहादुर की पुत्री अंजू (28) शुक्रवार दोपहर बाद घर के कमरे में फंदे से लटकती मिली। परिजनों की नजर पड़ने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टीकर माफी चौकी प्रभारी सौम्य जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। परिजनों के अनुसार दोपहर करीब एक बजे सभी ने भोजन किया था। इसके बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में लग गए। दोपहर बाद अंजू की मां किसी काम से कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने अंजू को फंदे से लटकता देखा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

संग्रामपुर थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। युवती के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी