अमेठी में विद्युत करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
अमेठी, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे पतऊ गांव में गुरुवार काे विद्युत करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेंद्रनाथ यादव (65) पुत्र कन्हई राम के रूप में हुई है।
परिजनाें के अनुसार सुरेंद्रनाथ यादव गुरुवार को घर से करीब 100 मीटर दूर खेत के पास गए थे, जहां वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। संग्रामपुर थाने के प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया। आवश्यक लिखा-पढ़ी की कार्रवाई के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी