अमेठी : जलभराव का डीएम-एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रभावित किसानों को तत्काल राहत के निर्देश

 






अमेठी, 22 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले की तहसील तिलोई क्षेत्र के ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की गंभीर समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शनिवार को संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने जलभराव से प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल निकासी और राहत कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी संजय चौहान ने शनिवार को बताया कि ग्राम पूरे दूंदी में जलभराव की समस्या की जानकारी मिलने के बाद पूर्व में उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार तिलोई को मौके पर भेजकर सर्वे कराया गया था। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक के साथ स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति और उससे प्रभावित क्षेत्र का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव अथवा प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों और ग्रामीणों को हुई क्षति का तत्काल आकलन कराया जाए और पात्र प्रभावित लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रभावित परिवारों तक प्रशासन की सहायता जल्द पहुंचनी चाहिए और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था का भी जायजा लिया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में अवरुद्ध नालियों और ड्रेनों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा पानी की निकासी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था सुचारु होने से ग्रामीणों और किसानों को जल्द राहत मिल सकेगी। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि परिस्थितियों को देखते हुए राहत चौकी अथवा राहत शिविर स्थापित करने की आवश्यकता महसूस हो तो तत्काल उसकी व्यवस्था की जाए। बचाव एवं राहत कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। साथ ही क्षेत्र की लगातार निगरानी बनाए रखने और स्थिति सामान्य होने तक नियमित रूप से निरीक्षण करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित ग्रामीणों और किसानों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है तथा जनहित में सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी तिलोई अरुणिमा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी तिलोई, तहसीलदार तिलोई सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी