अमेठी : विषाक्त पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, मायके वालाें ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
अमेठी, 21 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत पीपरपुर कोतवाली क्षेत्र के मजरे अमयेमाफी स्थित बरतला गांव में देर शाम विषाक्त पदार्थ खाने से विवाहिता सपना की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पंजाब में काम कर रहा उसका पति अरविंद कुमार उपाध्याय घर के लिए रवाना हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू की।
सपना की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व बरतला गांव निवासी अरविंद कुमार उपाध्याय पुत्र राघवराम उपाध्याय से हुई थी। वह प्रतापगढ़ जिले के कोहंडौर क्षेत्र के लौली गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश नारायण पाठक और रेशमी देवी पाठक की पुत्री थी। उसके दो बच्चे 16 वर्षीय आंचल और 13 वर्षीय आदर्श हैं। परिजनों के अनुसार रविवार देर शाम को सपना ने घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया। उस समय उसकी सास लीलावती घास काटने गई थी, जबकि घर में देवर पवन और दोनों बच्चे मौजूद थे। हालत बिगड़ने पर उसे सीएचसी भेटुआ ले जाया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सुलतानपुर और फिर संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज ले गए। वहां से असैदापुर रेफर किए जाने के बाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका के बड़े भाई पवन पाठक ने पुलिस को सूचना देकर बहन की मौत की परिस्थितियों की जांच कराने और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। मायके पक्ष ने सपना को प्रताड़ित किए जाने का आरोप भी लगाया है। परिजनों का कहना है कि घर के आंगन में विषाक्त पदार्थ बिखरा मिला था, जिसके चलते मौत की परिस्थितियों की जांच जरूरी है।
पीपरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि डायल 112 से घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम को मौके पर भेजकर लाश को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी