अमेठी: सिंदुरवा के पास मालगाड़ी के 7 वैगन डिरेल, चार घंटे तक यातायात प्रभावित

 


अमेठी, 25 जुलाई (हि.स.)। अमेठी जनपद अंतर्गत जगदीशपुर क्षेत्र के सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह इंडोरामा उर्वरक इकाई की साइडिंग पर खाद लादने जा रही एक मालगाड़ी के सात वैगन पटरी से उतर गए। यह हादसा सुबह करीब पांच बजे सिंदुरवा स्टेशन से लगभग 300 मीटर दूर प्वाइंट संख्या-80 पर हुआ। गनीमत रही कि मुख्य रेलवे लाइन सुरक्षित रही, जिससे बड़ा रेल हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही लखनऊ मंडल के एडीआरएम, जीआरपी, आरपीएफ तथा रेलवे के इंजीनियरिंग और परिचालन विभाग के करीब 100 अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। रेलवे टीम ने सुरक्षित वैगनों को हटाकर ट्रैक बहाली का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया, जबकि डिरेल हुए सात वैगन और गार्ड का डिब्बा मौके पर ही रहे। हादसे के कारण रेलवे क्रॉसिंग करीब चार घंटे तक बंद रही, जिससे शुकुल बाजार, महोना, ऊंचगांव और जगदीशपुर क्षेत्र की लगभग 40 हजार आबादी प्रभावित हुई। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों, कर्मचारियों, किसानों, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों को कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। कई छात्र भी देर से विद्यालय पहुंचे।

कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि रेलवे अधिकारियों के अनुसार डिरेलमेंट के कारणों की जांच कराई जा रही है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और ट्रैक को पूरी तरह बहाल करने का कार्य जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी