सफाई के बजाय कूड़े का ढेर, रामलीला मैदान बना डंपिंग यार्ड
अमेठी, 24 अगस्त (हि.स.)। आदर्श नगर पंचायत अमेठी में संसाधन और सफाई कर्मियों की उपलब्धता के बावजूद व्यवस्था पटरी से उतर गई है। रामलीला मैदान में शिव प्रताप इंटर कॉलेज के सामने खुले में कूड़ा डाले जाने से आसपास गंदगी का अंबार लगा है। सड़ांध और दुर्गंध के बीच छात्र-छात्राओं को आवागमन करना पड़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। कूड़े के कारण सड़क पर आवागमन प्रभावित होने से लोगों में नाराजगी है।
शिव प्रताप इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय सिंह ने साेमवार काे बताया कि समस्या से स्थानीय प्रशासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह को भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से रामलीला मैदान में बने अस्थायी डंपिंग स्थल को हटाकर कूड़ा किसी दूसरे स्थान पर कूड़ा डंपिंग स्थल की मांग की है। उनका कहना है कि सफाई कर्मचारी कई बार सड़क किनारे ही कचरा डाल देते हैं, जिससे विद्यार्थियों को परेशानी होती है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के शिक्षकों और छात्राओं ने भी कूड़ा हटाने की मांग उठाई है। विद्यालय की छात्र-छात्राओं का कहना है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू कसौधन ने बताया कि नगर पंचायत में फिलहाल कोई डंपिंग सेंटर नहीं है। जिला प्रशासन से भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे स्वीकृति मिल चुकी है। भूमि का चिन्हांकन होते ही रामलीला मैदान से कूड़ा डंपिंग स्थान शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के पास सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारी और संसाधन हैं। अध्यक्ष प्रतिनिधि फूलचंद कसौधन के अनुसार नगर पंचायत में नियमित पांच सफाई कर्मी, इनमें एक नायक शामिल है। इसके अलावा चार दैनिक वेतन और 29 आउटसोर्सिंग कर्मचारी कार्यरत हैं। छह कर्मचारी कान्हा गौशाला रायपुर फुलवारी में तैनात हैं। कूड़ा उठाने के लिए छह ई-रिक्शा, एक मैजिक, दो ट्रैक्टर, एक मिनी जेसीबी और एक जेसीबी उपलब्ध है। वार्ड नौ के सभासद सोनू सिंह गौतम ने कहा कि सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की जरूरत है। वर्ष 1990 से चार कर्मचारी अस्थायी रूप से काम कर रहे हैं, उन्हें नियमित किया जाना चाहिए। उन्होंने नगर पंचायत के बढ़े क्षेत्रफल के अनुरूप सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
इस संबंध में अमेठी के उप जिलाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर पंचायत अमेठी से पत्राचार किया जा रहा है, राजस्व टीम गठित कर दी गई है। वह नगर पंचायत से निकलने वाले कूड़े की डंपिंग और निस्तारण के लिए स्थाई रूप से जमीन चिन्हित करेगी। यह जमीन आवासीय बस्ती से दूर चिन्हित की जाएगी जिससे किसी भी प्रकार का संक्रामक रोग फैलने का खतरा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी