अंबेडकर प्रतिमा विवाद: तीसरे दिन भी लबकनी गांव में तनाव, सात नामजत 70 अज्ञात पर केस दर्ज

 




देवरिया, 01 अगस्त (हि.स.)। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाए जाने के बाद उपजे विवाद के तीसरे दिन शनिवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी। गांव में तनावपूर्ण शांति का माहौल बना रहा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर घटनास्थल तक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिस लगातार गश्त कर हालात पर नजर बनाए हुए है।

इस मामले में पुलिस ने लबकनी निवासी सूरज प्रसाद की तहरीर पर सात नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपिताें में अर्जुन, अनिकेत, विकास, अनिल भारती, अंकुल समेत सात लोगों के नाम शामिल हैं।

पुलिस ने अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक किशोरी भी शामिल है। अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इन्हीं के आधार पर अन्य आरोपिताें की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। मामले की जांच जारी है तथा स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक