अंबेडकर प्रतिमा पर कालिख पोतने से बसपा कार्यकर्ता उग्र, नई मूर्ति लगाने की माँग
जौनपुर, 05 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंबेडकर तिराहे स्थित बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतने की जानकारी मिली।
इस घटना के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही हजारों की संख्या में बसपा कार्यकर्ता मौके पर जमा हो गए। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इसे जौनपुर शहर की शांति भंग करने की कोशिश बताया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
वहीं, इस मामले में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र सिंह ने बताया कि बाबा साहब हम सभी लोगों के आदर्श हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है, जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही किया जाएगा।
मौके पर पहुंचे बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ लाल बहादुर सिद्धार्थ ने कहा कि ये शहर का माहौल बिगाड़ने का काम किया गया है। जिलाधिकारी और प्रशासन से मांग करते हैं कि तुरंत नई मूर्ति लगाएं, यहाँ लगे सीसीटीवी कैमरे सही कराए, पुलिस चौकी स्थापित करे। कल हम लोगों को जिलाधिकारी ने बुलाया है अगर बात नहीं बनती है तो हम आंदोलन करेंगें।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव