सीएसजेएमयू :ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप में दूसरे दिन हुए जोरदार मुकाबले

 


कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में आयाेजित ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप 2025–26 में देशभर से आई टीमों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। दूसरे दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को प्रतिस्पर्धात्मक बनाया। प्रतियोगिता में उच्च स्तर की खेल भावना देखने को मिली यह बातें सोमवार को कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कही

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में ऑल इंडिया पुरुष खो-खो चैम्पियनशिप 2025–26 का औपचारिक उद्घाटन कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।

इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो सुधीर कुमार अवस्थी, एआईयू पर्यवेक्षक डॉ मनोज रेड्डी, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ श्रवण कुमार, खेल सचिव डॉ निमिषा कुशवाहा सहित कई शिक्षक एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

उद्घाटन के बाद प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच मुकाबले खेले गए। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल और अनुशासन का परिचय दिया। डॉ बाबासाहेब आंबेडकर विश्वविद्यालय ने बीएनयू विश्वविद्यालय को 42-24 से हराया। चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा ने कल्याणी विश्वविद्यालय को 36-26 से पराजित किया।

स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय ने सिदो-कान्हू बिरसा विश्वविद्यालय को 39-30 से हराया, जबकि मंगलौर विश्वविद्यालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय को 34-30 से मात दी। मेजबान सीएसजेएमयू ने सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय को 34-26 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

अन्य मुकाबलों में कालीकट विश्वविद्यालय ने विद्यासागर विश्वविद्यालय को 28-18 से हराया। दावणगेरे विश्वविद्यालय ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय को 32-23 से पराजित किया, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने मुंबई विश्वविद्यालय को 33-27 से हराया।

पूरे आयोजन में खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का सफल संचालन विश्वविद्यालय प्रशासन और शारीरिक शिक्षा विभाग के समन्वय से किया जा रहा है। आगामी दिनों में और रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप