देश और समाज के निर्माण में व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका : अनिमेष अग्रवाल
प्रेरणा दिवस पर व्यापार मंडल ने बांटा शरबत, व्यापारी सम्मान समारोह का भी हुआ आयोजन
प्रयागराज, 26 मई (हि.स.)। देश और समाज के निर्माण में व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह बात अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रयागराज द्वारा मंगलवार को प्रेरणा दिवस के अवसर प्रयागराज महानगर अध्यक्ष अनिमेष अग्रवाल ने कहा।
उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर व्यापारी वर्ग भी राष्ट्रहित में अपना योगदान और बलिदान देने से पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि प्रेरणा दिवस व्यापारियों को समाज सेवा, एकता और संगठन की शक्ति का संदेश देता है।जिलाध्यक्ष लालू मित्तल ने बताया कि संगठन प्रत्येक वर्ष 26 मई को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी बाजार क्षेत्र में लोगों को शरबत और बिस्कुट वितरित कर सेवा और समर्पण का संदेश दिया गया। बड़े मंगल के अवसर पर इसे प्रसाद के रूप में भी श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया गया, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1979 में लखनऊ के अमीनाबाद बाजार में सर्वे छापे के दौरान व्यापारी हरिश्चंद्र अग्रवाल पुलिस गोलीबारी में शहीद हो गए थे। उनकी पुण्यतिथि को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल प्रेरणा दिवस के रूप में मनाकर उनके संघर्ष और बलिदान को याद करता है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रयागराज द्वारा मंगलवार को प्रेरणा दिवस के अवसर पर शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में शरबत एवं बिस्कुट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के शुभ अवसर के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के मार्गदर्शन में व्यापारी हितों के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यापारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में व्यापारियों ने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए समाज और व्यापार जगत के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उमाशंकर केशरी, राजकुमार केसरवानी, सुनील वर्मा, राजेश जायसवाल, दादा ओम साईं, शश्री चंद, पूरन केवलानी, पवन केवलानी, भारत नेता, अनुल हसन, ज़ीशान, मोहतसीम, आमिर, सुदर्शन सिंह, अभिनव, अंतस अग्रवाल, आलोक जायसवाल, नरेश, सूरज माधवानी, राजू, अजय शर्मा, शत्रुघ्न, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन व्यापारी एकता, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण के संदेश के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल