उत्तराखंड में 25 साल बाद भी न पलायन रुका, न रोजगार मिला : अखिलेश यादव

 


लखनऊ, 22 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य अपनी रजत जयंती मना रहा है, लेकिन जिन उम्मीदों और उद्देश्यों के साथ उत्तराखंड का गठन हुआ था, वे आज भी अधूरे हैं। उन्होंने कहा कि न पलायन रुका, न युवाओं को पर्याप्त रोजगार मिला और न ही जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की दिशा में अपेक्षित काम हुआ।

सपा के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को उत्तराखंड के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रोजगार के अभाव में उत्तराखंड से लगातार पलायन हो रहा है। मानव-वन्यजीव संघर्ष में लोगों की जान जा रही है और सामाजिक न्याय के मामले में भी राज्य की स्थिति चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की जनता से जो वादे किए थे, उनमें से पांच प्रतिशत भी पूरे नहीं किए गए। अखिलेश यादव ने कहा कि बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का भी उल्लेख किया और कहा कि बेटियों को न्याय दिलाने के सवाल पर सरकार को जवाब देना होगा।

‘देवभूमि के संसाधनों का हो रहा दोहन’

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और उत्तर प्रदेश से उसका रिश्ता केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि सामाजिक और भावनात्मक भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग बहादुर और संघर्षशील हैं। चंद्र सिंह गढ़वाली जैसे वीरों का इतिहास आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड का संतुलित विकास प्रभावित हुआ है और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन बढ़ा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी उत्तराखंड में ऐसा विकास चाहती है, जिसमें रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों के हितों के बीच संतुलन कायम हो।

‘सपा सरकार बनी तो उत्तराखंड के विकास को मिलेगी गति’

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उत्तराखंड के विकास से जुड़े कार्यों को भी गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का विकास उत्तर प्रदेश से गहराई से जुड़ा है और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तथा पर्यटक वहां जाते हैं।

उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधा और आवासीय व्यवस्था के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन की तर्ज पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। केदारनाथ क्षेत्र के विकास के लिए 500 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटकों की सुविधाओं का विस्तार करने के साथ धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।

बैठक के अंत में अखिलेश यादव ने उत्तराखंड से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने अल्मोड़ा के धियाड़ी वसूली गांव की दिव्यांग छात्रा निशा मेहता, पुत्री मोहन सिंह मेहता तथा जागेश्वर धाम, अल्मोड़ा और दून विश्वविद्यालय के टॉपर वैभव बड़थ्वाल, पुत्र विनोद बड़थ्वाल को लैपटॉप प्रदान किए।

पार्टी के अनुसार, उत्तराखंड के प्रख्यात समाजवादी नेता रहे विनोद बड़थ्वाल की पत्नी और सपा नेता आभा बड़थ्वाल दोनों टॉपर छात्रों के घर जाकर उन्हें लैपटॉप प्रदान करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा