अखिलेश यादव का आधी आबादी को आर्थिक सशक्तीकरण बनाने का दावा, ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना' का किया ऐलान

 


योजना के तहत सपा सरकार बनने पर महिलाओं को मिलेंगे हर साल 40 हजार रुपये

लखनऊ, 26 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को महिलाओं को आर्थिक सशक्तीकरण के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि देश और समाज की प्रगति आधी आबादी यानी महिलाओं की तरक्की के बिना अधूरी है। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस योजना के तहत महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। भविष्य में इस राशि को बढ़ाने का भी प्रावधान किया जाएगा।

अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित के रहे थे। उन्होंने कहा कि यह योजना ‘आधी आबादी की पूरी आजादी’ के संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए समाजवादी सरकारों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं और आगे भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

बेटियों को फिर लैपटॉप देने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में जिन विद्यार्थियों को लैपटॉप दिए गए थे, उनमें से कई आज भी उनका इस्तेमाल कर रहे होंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को भी लैपटॉप देकर उन्हें उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके लिए नारी केवल नारा बनकर रह गई है। महिला आरक्षण कानून पारित हो चुका है, लेकिन इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने मांग की कि महिला आरक्षण को अगले चुनाव में ही लागू किया जाना चाहिए।

‘सबसे ज्यादा अन्याय बेटियों के साथ’

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में बेटियों के साथ सबसे ज्यादा अन्याय हो रहा है। उन्होंने खुशी दुबे प्रकरण का उल्लेख करते हुए सरकार पर महिलाओं के साथ अन्याय और अपमान का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि लखनऊ में अग्निकांड की घटना के दौरान मुख्यमंत्री माँ के सामने कह रहे थे कि हम भाषण सुनने के मूड में नहीं हैं, खुशी दुबे को जेल भेजे जाने का मामला महिलाओं के प्रति सरकार के रवैये को दर्शाता है।

जो पीड़ित, दुखी, अपमानित वो पीडीए

अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में जो व्यक्ति पीड़ित, दुखी और अपमानित है, वही पीडीए है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ऐसे सभी वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी महिलाओं, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों के हितों को केंद्र में रखकर अपनी नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएगी।

बंद 26 हजार प्राथमिक स्कूल खोलने का दावा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश में बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का भी दावा किया।

महिलाओं को बनाया जाएगा आर्थिक रूप से मजबूत

सपा सांसद डिंपल यादव ने भी योजना को लेकर कहा कि महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने का प्रावधान किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। पार्टी की ओर से योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी आगे जारी किए जाने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा