राजनीति में पीडीए की भागीदारी के आधार पर गठबंधन दलों को भाजपा अधिक सीटें दें : अखिलेश यादव
लखनऊ, 19 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना, पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की राजनीतिक भागीदारी, गठबंधन के दलों को अधिक सीटें दिए जाने और विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में बुधवार शाम एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि देश और पीडीए परिवार जातीय जनगणना चाहता है। उन्होंने कहा कि सभी की गिनती हो और आबादी के अनुपात में लोगों को उनका हक, अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने पीडीए परिवार की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि गठबंधन के सहयोगी दलों को अधिक सीटें मिलनी चाहिए। उनका आरोप था कि गठबंधन के दलों को पर्याप्त सीटें न मिलने का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलता है और इसी वजह से भाजपा चुनाव में जीत हासिल करती है।
नई पीढ़ी को बताया जागरूक
अखिलेश यादव ने कहा कि आज की नई पीढ़ी जागरूक है और गलत को गलत कहने में संकोच नहीं करती। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि बुराई को खत्म करना है तो बुराई को बुरा कहना पड़ेगा। उनके मुताबिक नई पीढ़ी इसी सोच के साथ अपनी बात खुलकर रख रही है।
सड़क और गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर सवाल
विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 4000 करोड़ रुपये की सड़क पानी में ढह गई, जबकि गंगा एक्सप्रेस-वे में भी गहरा गड्ढा हो गया। उन्होंने इन मामलों की जांच की मांग करते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं में सामने आ रही खामियों की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
उन्होंने नक्शों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सबसे ज्यादा अवैध नक्शे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े लोगों के हैं और इस मामले की भी जांच होनी चाहिए।
पेट्रोल में मिलावट की सलाह किसने दी
अखिलेश यादव ने कहा कि ई-20 पेट्रोल पर कौन सही है, सरकार या सलाहकार? उन्होंने कहा कि मिलावटी पेट्रोल ई-20 से खराब हुई गाड़ियों को खींचकर ले जाने वाले बाइक-कार वाले पूछ रहे हैं, एक तरफ तो सरकार कह रही है‘ ई-20 में सब ठीक है’ दूसरी तरफ सलाहकार कह रहे हैं ‘ई-गाड़ियों के लिए नुकसानदेह है, तो ये स्पष्ट कौन करेगा सही क्या है?
उन्होंने कहा कि बात-बात में सर्वे कराने वाली भाजपा सरकार ई-20 के परिणाम भुगत रही आम जनता से सीधे संवाद करके क्यों नहीं पूछ लेती की सच क्या है? उन्होंने कहा कि ई-20 दुधारी तलवार है, जिसकी जनता पर दोहरी मार है, महंगा पेट्रोल भी और महंगे मेन्टीनेंस भी। उन्होंने कहा कि ई-20 पेट्रोल से गाड़ियों के खराब होने के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। सरकार खुद मिलावट खोरी कर रही है। सरकार दबाव बनाकर ई-20 पेट्रोल बिकवा रही है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायत है कि इथेनाल मिलाने से उनकी गाड़ी का मेन्टीनेंस और माइलेज खराब हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा