भाजपा सरकार में बजट की चल रही लूट, हर विभाग में घपले-घोटाले : अखिलेश यादव

 


लखनऊ, 08 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में बजट की लूट चल रही है। हर विभाग में घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार है। झूठ, लूट और बेईमानी इस सरकार की पहचान बन चुकी है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में एक्सप्रेस-वे और अन्य निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गये हैं। हाल ही में बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे इसका उदाहरण है। भाजपा सरकार में बनी अन्य सड़कों का भी यही हाल है। सड़कों के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ। मानकों की अनदेखी की गयी। सबसे महंगा एक्सप्रेस-वे दर्जनों जगह धंस गया। भाजपा बेहद जानलेवा पार्टी है।

जल जीवन मिशन योजना इस सरकार के लूट की मिशन बन गयी है। जल जीवन मिशन के तहत अब तक प्रदेश में दर्जनों पानी की टंकिया टूट कर गिर गयी है या फिर पानी भरते ही क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पानी की टंकिया भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के भार को सह नहीं पा रही हैं। भाजपा सरकार में हुए कामों को देख कर लगता है कि भाजपाईयों की कमीशनखोरी का रिकार्ड सदियों तक कोई नहीं तोड़ पाएगा।

भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता को विकास के नाम पर सिर्फ धोखा दिया है। भाजपा सरकार से हर वर्ग निराश है। प्रदेश में किसानों को समय पर डीएपी, यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है। किसान खाद के लिए भटक रहे है। स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है।

अस्पतालों में गरीबों को ढंग का इलाज नहीं मिल रहा है। मेडिकल कालेज के नाम पर जिलों में सिर्फ बिल्डिंगें हैं। मेडिकल कालेजों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर, प्रोफेसर और तकनीकी स्टाफ नहीं है। मरीज निजी अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर हैं। भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो गयी है। जनता भाजपा की असलियत जान चुकी है।

भाजपाई सरकार और भाजपाई महाभ्रष्टाचार की पोल लगातार खुल रही है। प्रदेश की जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाकर उसके भ्रष्टाचारी शासन का अंत कर देगी। यह जानकारी मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी द्वारा शनिवार को दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा