भाजपा अपने घर, कार्यालय निर्माण का हिसाब दे : अखिलेश यादव
लखनऊ, 23 मई (हि.स.)।समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनताा पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं के भवन व पार्टी कार्यालय बनाने को लेकर जांच की मांग की है। इस संबंध में अखिलेश ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट की है।
सपा अध्यक्ष ने पोस्ट में कहा कि असली शस्त्र के तो लाइसेंस बनते हैं लेकिन कुछ अदृश्य शस्त्र भी हैं, जो गुप्त रूप से देश, समाज और आपसी प्रेम पर अंदर से बेहद घातक हमला कर रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि वकील कह रहे हैं कि लगे हाथों भाजपाइयों के घर, दुकान, कार्यालय, प्रतिष्ठान के काग़ज़-नक्शे मँगाकर उनकी वैधता भी जाँच ली जाए।
साथ ही भाजपा के ‘तरह-तरह’ के चंदे-फ़ंड का हिसाब भी माँगा जाए और उनका ऑडिट हो। और हाँ जनता ये भी पूछ रही है कि इस बात का भी क़ानूनी पहलू समझाया जाए कि ‘अनरजिस्टर्ड’ लोग ज़मीन किसके नाम से लेकर अपना निर्माण करते हैं और ये संपत्तियाँ कैसे बेनामी नहीं हैं?
इसके अतिरिक्त जनता की जिज्ञासा ये भी है कि ऐसे लोगों के निर्माणों को ‘कार्यालय’ कहा जाए या ‘अड्डा’?
उल्लेखनीय है कि कोर्ट ने राजनीतिक और रसूखदार लोगों के शस्त्र लाइसेंस की रूपरेखा को लेकर सरकार से जानकारी मांगी है। उसी को लेकर अखिलेश यादव ने आज अपनी उक्त प्रतिक्रिया दी है। हालांकि सपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में कहीं भी कोर्ट का जिक्र नहीं किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा