भाजपा राजनीति के साथ करती है छल, पुलिस व्यवस्था भी कर दी चौपट : अखिलेश यादव
लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राजनीतिक चरित्र जनविरोधी है। वह राजनीति के साथ छल करती है। भाजपा राज में उत्तर प्रदेश की पुलिस-व्यवस्था चौपट है। कानून का राज नहीं है। अस्पतालों की हालत खराब है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है।
अखिलेश यादव गुरुवार को सपा के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आये कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में 2024 लोकसभा चुनाव से ज्यादा सावधानी बरतना है। भाजपा की साजिश से सावधान रहना है। जनता बदलाव चाहती है। भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए जनता की तैयारी है। जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहती है। सरकार बनाने के लिए सभी को मिलकर सावधानी से काम करना है। उन्होंने कहा कि एसआईआर में नकली हस्ताक्षर से वोट कटवाए जा रहे थे। चुनाव आयोग निष्क्रिय क्यों है?
सपा अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता और नेता बूथ पर जाएं। लोगों को भाजपा सरकार की नाकामियों को बताएं। भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया। राजधानी समेत सभी बड़े शहरों में यातायात व्यवस्था बर्बाद है। सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। लखनऊ में सात हजार करोड़ में ग्रीन कारिडोर बनाया गया। उसकी डिजायन गलत है। हर चौराहे पर पुलिस लगानी पड़ती है।
भाजपा सरकार के नौ साल के कार्यकाल में एक भी बिजली का प्लांट नहीं लगा। बिजली व्यवस्था खराब है। स्मार्ट मीटर से बिल में धांधली हो रही है। बिजली उपभोक्ता परेशान हैं। इस सरकार ने कन्नौज काऊ मिल्क प्लांट काे बंद कर दिया। यह सरकार नया कुछ नहीं बना सकती है। समाजवादी सरकार ने जो बनाया था उसे भी खराब कर दिया। किसान बाजार बेच दिया। भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन है। समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास के बहुत काम किए गए। मुख्यमंत्री का विकास से कोई वास्ता नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया था। समाजवादी सरकार ने प्रदेश का एक्सप्रेस-वे से परिचय कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी विश्वस्तरीय सड़क बनाने का काम किया।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकार्ड टूट गये हैं। उत्तर प्रदेश को पुनः विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना ही होगा।
इस अवसर पर माता प्रसाद पाण्डेय नेता विरोधी दल, राजेन्द्र चौधरी पूर्व कैबिनेट मंत्री, श्याम लाल पाल प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा