उप्र 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का चुनाव : अखिलेश यादव

 




लखनऊ, 30 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश को बचाने का चुनाव है। यह लोकतंत्र और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को लूट लिया है। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकार्ड तोड़ दिये हैं। पूरब से पश्चिम तक हर विभाग और हर कार्य में कमीशनखोरी और लूट है। बजट का पैसा विकास के बजाए भाजपा नेताओं की जेबों में जा रहा है।

सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी जिम्मेदारी है। विधानसभा चुनाव को 2024 के लोकसभा चुनाव से भी बड़े अंतर से जीतना है। जीत का लक्ष्य बनाकर 2027 का लक्ष्य प्राप्ति के लिए बूथ स्तर पर पूरी ताकत से काम करना है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा से सावधान करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव में भ्रष्ट तरीकों से लोकतंत्र की पवित्रता नष्ट करने की साजिश करती है। सत्ता का दुरूपयोग करती है। समाजवादी पार्टी को बदनाम करना भाजपा का एजेण्डा है। भाजपा ने प्रदेश का विकास अवरूद्ध किया है, इसके फैसलों से जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। महंगाई, बेरोजगारी से हर वर्ग परेशान है। भाजपा घबराई है। भाजपा नेतृत्व हताशा का शिकार है। बौखलाहट में समाजवादी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रहा है। देश जानता है, भाजपा सबसे झूठी पार्टी है। इसकी साख खत्म हो चुकी है। सत्ता के अहंकार में मदहोश हैं। भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने आ गया है। यही कारण है कि वह सत्ता से बाहर जा रही है। जनता ने भाजपा की बेईमानी पकड़ ली है। अब इनकी चार सौ बीसी नहीं चलने वाली है। जनता चुनाव का इंतजार कर रही है, वह भाजपा की नफरत की राजनीति का खात्मा करने को तैयार है। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के साथ पार्टी नेतागण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा