अखिलेश यादव की सरदार पटेल की जयंती पर कार्यकर्ताओं काे नसीहत, जनता के बीच काम करने से होगी भाजपा की पराजय
सपा अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय में आचार्य नरेंद्र देव और 'लौहपुरुष' भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। देश में जब अंग्रेजों हुकूमत थी और उन्होंने भूमि का लगान बढ़ा दिया था, तो उस समय सबसे बड़ा आंदोलन गुजरात में हुआ था। उस आंदोलन में किसानों के साथ सबसे बड़ी भूमिका सरदार पटेल की थी। आजादी के बाद उस दौर में भारत को एकजुट करने का काम अगर किसी ने किया तो वह हमारे सरदार पटेल ने किया, उनके योगदान को कभी भूला नहीं जा सकता।
यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। सपा अध्यक्ष अखिलेश शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती और भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता के अप्रतिम प्रतीक, 'लौहपुरुष' भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सरदार पटेल की जयंती पर उनको कोटि-कोटि नमन करते हुए उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि हम देश की एकता और अखंडता की रक्षा-सुरक्षा के लिए संकल्प लेते हैं कि कोई भी शक्ति या सत्ता, जो हमारे सौहार्द और अमन-चैन को बिगाड़कर अपना स्वार्थ सिद्ध करना चाहेगी, हम उसका पुरज़ोर विरोध भी करेंगे और सामना भी। उन्होंने कहा कि हम सब देशवासी जुड़े रहेंगे, एक-दूसरे को जोड़े रहेंगे।
अखिलेश ने कहा कि मानव जाति को आगे बढ़ाने में अगर सबसे बड़ी भूमिका किसी की हो सकती है तो वह शिक्षा की हो सकती है। राम मनोहर लोहिया ने डिफाइन किया कि हम प्रोस्पेरिटी(खुशहाली) का समाजवाद चाहते हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक गैर बराबरी को दूर करने की लड़ाई को आज भी हम लोगों को लड़ना पड़ रहा है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह से अभी एमएलसी के चुनाव में सब ने जो मेहनत करके दिखाई, इसी तरीके से अगर हम लोग आम जनता के बीच में काम करेंगे तो भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश से सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कह रहे हैं हम इतने दिनों में एक लाख नौकरी दे देंगे, बताइए अगस्त में कितनी नौकरी दी? जीरो! तीन महीने में जीरो नौकरी दी। जो डबल इंजन डबल इंजन चिल्लाते थे, इस बार बनारस की जनता ने उन्हें डबल ज़ीरो दिया।
शिवपाल ने लौहपुरूष को याद कर नमन किया
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर यादव ने नमन किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि स्वतंत्र भारत के शिल्पकार लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शत शत नमन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा