बिना धांधली के चुनाव नहीं जीत सकती भाजपा, निष्पक्ष न रहने वाले अधिकारी जाएंगे जेल : अखिलेश यादव
लखनऊ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना बेईमानी और धांधली के चुनाव नहीं जीत सकती। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपील करते हुए अधिकारियों को राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम करने से बचने की नसीहत दी।
अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक जैसे अधिकारी लोगों को धमका रहे हैं और चुनाव में धांधली में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में काम करने की है, न कि राजनीतिक कार्यकर्ता बनने की। उनके मुताबिक, अधिकारियों का राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होना उनके खिलाफ कार्रवाई और जेल भेजे जाने का आधार बन सकता है।
सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं के पास मतदाता सूची कैसे पहुंच रही है और सरकार के मंत्रियों को यह सूची कहां से मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न स्थानों पर मंत्रियों के वॉयस मैसेज भेजे जा रहे हैं। अखिलेश ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग से हस्तक्षेप करने की मांग की।
शिक्षामित्रों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षामित्रों से जुड़ी योजना को अधूरा छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षामित्रों को पूर्ण शिक्षक बनाकर सरकारी नौकरी देने का काम किया जाएगा। सपा अध्यक्ष ने पूर्व मंत्री आजम खान के साथ अन्याय होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री की कुर्सी सुरक्षित नहीं है और जनता इस बार भाजपा से सत्ता छीनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुर्सी बचाने के लिए सरकार कुछ भी कह सकती है।
एलडीए पर भ्रष्टाचार का आरोप
अखिलेश यादव ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने विभाग को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है और वहां पैसे का लेन-देन होता है। उन्होंने कहा कि आरक्षण, अधिकार और सम्मान समाजवादी पार्टी ही दे सकती है। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी समेत पार्टी के अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा