भाजपा के खिलाफ बाेलने पर कार्रवाई तय : अखिलेश यादव
उन्नाव, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ओंकार सिंह यादव के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों से मुलाकात की। अखिलेश यादव ने कहा कि दिवंगत ने भारतीय वायुसेना में रहकर देश की सेवा की थी।
इसके अलावा उन्होंने होली के अवसर पर मनोज तिवारी को लेकर हल्के-फुल्के अंदाज़ में टिप्पणी की। वहीं शंकराचार्य के सम्मान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि मनोज तिवारी बहुत पुराने समाजवादी रहे हैं, उनका पॉलिटिकल प्रोफाइल हम लोगों ने ही शुरू कराया था। होली पर बधाई है, उन्होंने शुरुआत की है तो अगर हम भी कोई गाना बना दें तो वो बुरा नहीं मानेंगे। आगे कहा कि शंकराचार्य जी का सम्मान बचाने की ज़रूरत है। बीजेपी का चरित्र यही है कि जो उनके खिलाफ बोलेगा, उसकी आवाज़ दबाने के लिए अधिकारियों के ज़रिये तरह-तरह की कार्रवाइयां कराई जाती हैं।
डिप्टी सीएम चरण वंदना कर रहे हैं और अब शंकराचार्य पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा सपा सरकार में गायों के कटने के जिक्र पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपाई कसाई बन गए हैं। जिन्होंने हरियाणा में सबसे ज्यादा स्लॉटरहाउस के लाइसेंस दिए हैं वह क्या बोलेंगे। गाय हमारे लिए सबसे ज्यादा पूज्यनीय है। कहा कि उत्तर प्रदेश के उद्योग से यह सब चिढ़े हुए हैं। यूपी का पहला कॉऊ मिल्क प्लांट कन्नौज में हमने बनाया था इस सरकार ने उसे बंद कर दिया है। यूपी सरकार के मंत्री से मैं कहता हूं कि वह आज ही ऑफिस में बैठें और सभी स्लाटर हाउस बंद कर दें। बसपा से विधायक उमा शंकर के यहां पड़े छापे पर अखिलेश यादव ने कहा कि यहां छापा इसलिए पड़ा क्योंकि कुछ लोग जापान गए हैं अगर जापान ना जाते तो छापा ना पड़ता। हमारे यूपी के बारे में उत्तर प्रदेश के चीफ मिनिस्टर बिष्ट क्या कह रहे थे, यही तो माफिया थे जिन्होंने केस वापस लिया था। यह तो विदेश के खिलाफ थे विदेश कैसे चले गए। आगे कहा कि अगर पिछड़े, एससी एसटी के मंत्रियों को लग रहा है कि उनके साथ भेदभाव हो रहा है तो सरकार छोड़ें और आएं साथ में।
पंचायती राज विभाग नें जो वोटर लिस्ट बनाई है और जो चुनाव आयोग ने बनाई है उसमें बड़े पैमाने पर घोटाला किया गया है। यह लोग मुस्लिम भाइयों के कागज ढूंढ़वा रहे थे एनआरसी में, पर जब मैं डाटा देखता हूं तो हिंदू भाई ज्यादा कागज ढूंढ रहे हैं। अगर आप वोटर हैं तो ही भारत के नागरिक हैं, ये संकट पैदा कर दिया हिंदू भाइयों पर। कहा आने वाले समय में सभी पीडीए के लोग मिलकर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए हमारी मदद करेंगे। पीडीए के लोगों को सम्मान दिलाने का काम हम लोग करेंगे। इस मौके पर सपा जिला अध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व विधायक बदलू खां सहित भारी संख्या में सपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित