पीडीए रथ पर सवार होकर रायबरेली पहुंचे अखिलेश यादव, जनसभा में बोले—जो पीड़ित वही पीडीए

 


रायबरेली, 24 सितम्बर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार काे पीडीए रथ पर सवार हाेकर रायबरेली पहुंचे। जगह-जगह स्वागत के बीच उन्हाेंने रायबरेली के जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए एक ओर जहां भाजपा सरकार पर हमला बाेला वहीं दूसरी ओर पीडीए काे लेकर अपना नजरिया साफ किया। उन्होंने कहा कि पीडीए का आंदोलन पीड़ित लोगों का है,अब अपमानित लोग इकट्ठे हो रहे है। आप जितना पीडीए (प्रेम दया अपनापन) दिखाएंगे उतना लोग हमसे जुड़ते जाएंगें।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए रथ महाभारत का भी है; इसी रथ पर सवार होकर भगवान कृष्ण ने सीख दी थी और अब हमें भी सीख मिल रही है। एक ओर पीड़ित लोग हैं दूसरी तरफ प्रताड़ना देने वाले हैं। प्रताड़ित करने वालों को अभी 2024 के लोकसभा चुनाव में हराया है और 2027 में विधानसभा चुनाव में हमेशा के लिए हमें हराना है। इन लोगों ने विषमता बढ़ाई है, ये वो लोग हैं जो गंगा जल से घर व मंदिर धुलवाते है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार पीडीए के लोगो ने अपनी ताकत का एहसास करवा दिया है, चाहे जितनी ताकत लगा लें लेकिन पीडीए के लोग भाजपा को हरा देंगे।

संविधान विरोधी है भाजपा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को संविधान विरोधी करार देते हुए कहा कि पीडीए के लोग संविधान व आरक्षण बचाने के लिए खड़े है। रायबरेली में हाल ही में हमारे लोधी और पासी विधायक के साथ कितना अपमान किया गया। हम लोग पीडीए का अपमान नहीं होने देंगे। ये लोग बिना नोटिस ढाबा, घर गिराते है। बुलडोजर से मंदिर गिरा देते हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि काशी में न जाने कितने मंदिर व घाट बुलडोजर से गिरा दिया गया ।हर जगह मस्जिद गिरा देते हैं।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के लोग आपस में प्रेम बढ़ाकर बंधु राष्ट्र बनाना चाहते है। श्री राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में भी अखिलेश ने भाजपा सरकार को जमकर घेरा और कहा कि अब तो इलेक्शन कमीशन भी चोरी करने वाला हो गया है। उन्होंने कहा कि वोट डकैती न की होती तो 2022 में ही पीडीए की सरकार बन गई होती। इलेक्शन कमीशन पर भी भरोसा नहीं रहा, पेपर भी लीक करवा दिया। सबसे ज्यादा यूपी में पेपर लीक हो रहे हैं और कह रहे हैं कि हम नौकरी दे रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनेगी तो अग्निवीर खत्म करेंगे। आउटसोर्सिंग खत्म करना पड़े तो आउट सोर्स भी खत्म कर देंगे।

हम बुल्डोजर नीति खत्म करेंगे, स्कूल खोलेंगे व पुरानी पेंशन देंगे

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जेन जी की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन्होंने सबसे बड़ी पार्टी को सबक सिखा दिया। अब जेन अल्फ़ा भी इनके खिलाफ हो गए हैं। कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन भी होगा, बात सीट की नहीं जीत की होगी। जो जीतेगा वो टिकट ले ले। इसके पहले अखिलेश यादव ने मंच पर पूर्व मंत्री शिवगणेश लोधी के चित्र पर पुष्प करते हुए श्रंद्धाजलि दी।अखिलेश यादव का मंच पर जोरदार स्वागत किया गया। मंच पर प्रमुख रूप से विधायक राहुल लोधी, श्यामसुंदर भारती, देवेंद्र प्रताप सिंह,सपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे