अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को बरगलाने का काम कर रहे हैं: अभिजीत सिंह सांगा

 


कानपुर, 21 जून (हि.स.)। चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी के नेता टिकट की राजनीति में बौखलाकर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, लेकिन बिठूर की जनता पिछले साढ़े नौ वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनसेवा को देख रही है। विपक्ष के आरोपों का जवाब जनता स्वयं देगी और क्षेत्र में हुए कार्य ही सबसे बड़ा प्रमाण हैं। सपा नेतृत्व कार्यकर्ताओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है, जबकि सच्चाई जनता के सामने है।

यह बातें रविवार को एक पत्रकार वार्ता में बिठूर विधानसभा के भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहीं। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं नेता मुनींद्र शुक्ला द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि किसके कार्यकाल में क्षेत्र में क्या कार्य हुए और किस सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी।

सांगा ने कहा कि बिठूर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य कराए गए हैं। क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी प्राथमिकता हमेशा जनहित रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों के कारण ही विपक्ष मुद्दाविहीन होकर व्यक्तिगत आरोपों का सहारा ले रहा है।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि चुनाव करीब आते ही समाजवादी पार्टी के कुछ नेता टिकट की दौड़ में सक्रिय हो जाते हैं और सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि मुनींद्र शुक्ला जनता के बीच जाकर अपनी स्वीकार्यता का आकलन कर लें, उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चल जाएगा।

सांगा ने कहा कि वर्ष 2013 में अवैध खनन से जुड़े मामलों में मुनींद्र शुक्ला के भतीजे का नाम सामने आया था। ऐसे में दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने राजनीतिक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और किसी के कहने भर से उसकी राय नहीं बदलने वाली। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व कार्यकर्ताओं को बरगलाने और भ्रमित करने का काम कर रहा है। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के आधार पर सरकार का मूल्यांकन कर रही है और आने वाले चुनावों में भी इसका असर दिखाई देगा।

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं, लेकिन अंतिम फैसला जनता करती है। बिठूर में हुए विकास कार्य और जनता का विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा जवाब है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप