अखिलेश यादव ने पत्नी और जया बच्चन के साथ फतेहपुर सीकरी स्थित सलीम चिश्ती की दरगाह पर मांगी दुआ
आगरा, 6 दिसंबर (हि.स.)। शनिवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन के साथ आगरा में फतेहपुर सीकरी स्थित हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर पहुंचकर चादरपोशी कर दुआएं मांगी। इसके बाद मीडिया से रूबरू होकर कहा कि समीकरण बदलने का काम हमने भी बीजेपी से सीख लिया है और आने वाले विधानसभा चुनाव में आगरा समेत पूरी यूपी की राजनीतिक समीकरण बदलेंगे।
अखिलेश यादव ने डिंपल और जया बच्चन संग फतेहपुर सीकरी में सलीम चिश्ती की दरगाह पर की चादरपोशी की। दरगाह पर चादर चढ़ाने मन्नत का धागा बांधने के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि भाजपा से हमने भी समीकरण बदलना सीख लिया है, अगले चुनाव में आगरा समेत यूपी में खेल बदलेंगे।
अखिलेश के फतेहपुर सीकरी पहुंचने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नजर आई। उन्होंने बताया कि चादर अर्पित कर देश–प्रदेश की अमन, भाईचारा और खुशहाली के लिए दुआ की। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में सपा सांसदों के प्रति उनमें जोश देखने को मिला।
मीडिया से अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा की पहचान ताजमहल की शान, पेठे की मिठास और हैंडीक्राफ्ट्स की कला से है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों पर हजारों परिवारों का रोजगार चलता है। आज आगरा में मेट्रो का जो काम दिख रहा है, यह सपा सरकार की देन हैl
सपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर लोगों को सतर्क रहने का आह्वान किया और कहा सरकार वोट घटाने का काम कर रही है। आप सभी को सजग रहना है। जिनके वोट नहीं बने हैं, उनके नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाइए। आज गंगा आचमन योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार यमुना आगरा आते-आते नाले जैसा पानी हो जाती है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में गोमती नदी पर हमारी सरकार ने काम किया था, जिसका नतीजा आज भी देखा जा सकता है।
डॉ.आंबेडकर का लिखा संविधान पीडीए (पिछड़ा–दलित–अल्पसंख्यक) के लिए उनकी किस्मत की किताब है। संविधान ने दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों, कमजोर वर्ग को सम्मान के साथ आगे बढ़ने का हक दिया है। महिलाओं को भी आगे बढ़ने का रास्ता संविधान ने दिया है। समाजवादी पार्टी भी पीडीए के हितों के लिए ही काम कर रही है।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार ने बताया कि अखिलेश यादव वर्ष 2012 के बाद अब फतेहपुर सीकरी आए हैं, उनका यह अचानक दौरा थाl कार्यकर्ताओं ने अल्प समय में यहां पहुंचकर उनका स्वागत किया। उनके आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay