अंतिम मतदाता सूची में पीडीए के वोट काटने की हो रही साजिश : अखिलेश यादव

 


लखनऊ, 17 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर से सवाल उठाए हैं। उन्होंने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका जताई है। उन्होंने कथित रुप से आरोप लगाया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के समय राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाने वाली सूची और मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों के पास मौजूद सूची में अंतर हो सकता है। इसके जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम काटने की साजिश की जा सकती है।

अखिलेश यादव ने राजधानी लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मामले में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि साजिश और षड्यंत्र से हमें सावधान रहना पड़ेगा, क्योंकि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कई बार सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आशंका जताई कि जब अंतिम मतदाता सूची सामने आएगी, तब राजनीतिक दलों को मिली सूची और पीठासीन अधिकारियों के पास उपलब्ध सूची में अंतर देखने को मिल सकता है। उनके मुताबिक, इसके जरिए बड़े पैमाने पर पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के वोट काटे जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर भी सपा अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने एक करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की बात कही थी। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को किस दिव्य शक्ति से यह जानकारी मिली कि इतने हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं। अखिलेश यादव ने आजम खान से जुड़े सवाल पर कहा कि उन्हें न्याय मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा