भाजपा जैसी पार्टियों से सावधान रहे जनता : अखिलेश यादव

 




-भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप बेटी एवं कार्यकर्ताओं के साथ सपा में हुए शामिल

लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख तय होगी, उसी दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हार जाएगी। हमें प्री-पेड पार्टियों से सावधान रहना होगा। इन पार्टियों का ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) कहीं और से आता है। दूसरी पार्टी के लाउडस्पीकर बनकर जा रहे हैं। सच्चाई ये है कि डोरी खत्म खेल खत्म।

यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। वे मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।

अखिलेश यादव ने बरेली के आंवला से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कीर्ति कश्यप को सपा में शामिल कराया। पार्टी में पूर्व सांसद के बेटी के साथ सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने पर अखिलेश यादव ने बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भाजपा छोड़कर सपा में आए नेताओं का पार्टी में स्वागत है। इनके आने से प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एवं सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बार 80-20 नहीं, इस बार 90-10 का खेल है। आगामी चुनाव पीड़ित और पीड़ा देने वाले के बीच का चुनाव है।

सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वोट के लिए, लोकतंत्र बचाने के लिए पूरे देश में वोटर लिस्ट दुरुस्त की जाए। वोटर लिस्ट को आधार से जोड़ा जाए। बायोमेट्रिक से वोट डलवाया जाए। जब हर जगह बायोमीट्रिक तो वोटिंग में क्यों नहीं? इनसे आखिर कहां तक बचा जाए। उन्होंने कहा कि इधर चुनाव आयोग की नींद खुल गई है चुनाव आयोग निष्पक्ष होने के लिए अधिकारियों के खिलाफ फैसले ले रहा लेकिन कहीं ऐसा तो नहीं छोटी कार्रवाई के बाद कोई बड़ा षड्यंत्र होना हो जिसे हम पकड़ न पाएं।

उन्होंने प्रदेश के किसान भाइयों को लेकर कहा कि मैं भरोसा दिलाता हूं किसान भाइयों को, समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो 24 घंटे में 162 करोड़ का आपका पेमेंट हो जाएगा। अखिलेश ने विधान परिषद चुनाव में लखनऊ से सपा प्रत्याशी कांति सिंह की सीट पर मतदान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 97 बूथों पर बिना फोल्ड किए हुए वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि पूरा डिब्बा वोट डालकर लाया गया होगा। उन्होंने भाजपा पर चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप लगाया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन(एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि डोरी खत्म तो खेल खत्म। पतंग की डोर, चरखी किसके हाथ में। डोर, चरखी, फिरकी किसके हाथ में है। भाजपा जानती है पीडीए एकजुट है।

इस अवसर पर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि 2027 में बीजेपी का सफाया होगा। लोग बुलडोजर और एनकाउंटर से परेशान हैं। किसानों के साथ लूट हो रही है और बजट की भी लूट हो रही है।

सपा में शामिल होने पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार में पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय न मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कश्यप समाज के एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हत्या हो चुकी है और इन घटनाओं में जाति विशेष के लोगों का हाथ है। धर्मेंद्र कश्यप ने तंज कसते

हुए कहा कि उलझा विकास पहिया, कानून व्यवस्था डूबी है। यूपी का बच्चा-बच्चा बोले, अखिलेश यादव जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा