बैंक मजबूत हैं तो बचे क्यों जा रहे, अखिलेश यादव ने सरकार से पूछे 12 सवाल
लखनऊ, 17 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के बारह साल में बैंकों की स्थिति को लेकर शनिवार को बारह सवाल पूछे हैं।
अखिलेश यादव ने पत्र जारी कर कहा कि बैंक मजबूत हुए हैं तो फिर बेचे क्यों जा रहे हैं? बैंक मजबूत हुए हैं तो गरीब जनता के खाते से पैसे क्यों काटे जा रहे हैं?, बार-बार केवाईसी के नाम पर जनता के पैसे देने से इंकार क्यों किया जा रहा है?, उन लोगों को पकड़कर देश में लाकर सजा क्यों नहीं दी जा रही है, जो बैंको से खरबों का लोन लेकर भाग गये हैं?
बैंक मजबूत हुए हैं तो फिर ग्रामीण इलाकों में ब्रांच और एटीएम बंद करके जनता को कैश के लिए क्यों भटकाया जा रहा है?, बैंक मजबूत हुए हैं तो फिर किसानों, छात्रों और छोटे दुकानदारों को बिना बिचैलिये और बिना गारंटर के लोन क्यों नहीं मिल रहा है?
साइबर ठगी का शिकार हुए गरीब आदमी का पैसा तुरंत वापस क्यों नहीं होता, उसे थाने और बैंक के चक्कर क्यों कटवाए जाते हैं? होम लोन और शिक्षा लोन पर ब्याज इतना ज्यादा क्यों है कि आम आदमी की कमर टूट रही है? डिजिटल ट्रांजेक्शन फेल होने पर जनता का पैसा कई-कई दिन तक होल्ड पर क्यों रखा जा रहा है?
बैंक मजबूत हुए हैं तो फिर सिबिल स्कोर में छोटी सी चूक पर नौजवानों को डिफॉल्टर बताकर उनका भविष्य क्यों खराब किया जा रहा है? बुजुर्गों और अनपढ़ लोगों को यूपीआई और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाने के लिए हर ब्रांच में सहायता काउंटर क्यों नहीं है? बैंक मजबूत हुए हैं तो बैंक कर्मियों की जायज माँगे क्यों नहीं मानी जा रही हैं और बैंकों में नई भर्ती क्यों नहीं हो रही। मौजूदा कर्मचारियों पर इतना दबाव क्यों है कि ग्राहक सेवा ही चौपट हो रही है?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा