भाजपा सरकार ने सरकारी सिस्टम को बना दिया है भ्रष्ट : अखिलेश यादव
लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने पूरे सिस्टम को भ्रष्ट बना दिया है। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार और लूट है। कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है।
उन्होंने रविवार को जारी पत्र के माध्यम से दी जानकारी में बताया कि सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्कुट पकड़े लेकिन दिखाए गए केवल 10 किलो के बिस्कुट। ये भाजपा सरकार की पुलिस की माया है, दस दिखाया, सोलह गटकाया।
अखिलेश यादव ने कहा कि अब ध्यान ये रखना है कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्कुटों को भी पीली धातु कहकर सरकारी हिसाब में दर्ज न कर ले और बाद में पीतल के बिस्कुट से बदलकर ये सारे सोने के बिस्कुट भी गटक न जाए। उन्होंने कहा कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली, यही है डबल इंजन के डबल गोरखधंधे का असली रास्ता।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह कोई एक मामला नहीं है। भाजपा सरकार में ऊपर से नीचे तक हर जगह धांधलेबाजी, कमीशनखोरी, लूट चल रहा है। झूठे केस, झूठे आरोप और फर्जी एनकाउंटर करवाकर भाजपा सरकार ने पुलिस की छवि को पहले से ही बर्बाद कर दिया है। इसी तरह से अन्य विभागों और कार्यों में भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। चार हजार करोड़ रूपया ऊपए से ज्यादा की लागत में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे में गड्ढे़ और सड़क टूटने के सारे रिकार्ड टूट गए।
उन्होंने कहा कि यही हाल भाजपा सरकार में बने अन्य एक्सप्रेस-वे और सड़कों का है। इस सरकार में चौतरफा बजट का बंदरबांट और लूट चल रही है। प्रयागराज में इस सरकार में कुंभ का मिलाकर कुल करीब एक लाख करोड़ का बजट गया होगा, लेकिन प्रयागराज का जो हाल है वह किसी से छिपा नहीं है। मोहल्ले-मोहल्ले जलभराव से लोग त्रस्त हो गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा