व्यापारी एकजुट होंगे तभी सुरक्षित होगा व्यापारिक भविष्य : संदीप बंसल

 


गोरखपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती देने के लिए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने संगठन को बाजार स्तर तक विस्तार देने की रणनीति तैयार की है। रविवार को गोरखपुर के सिविल लाइंस स्थित वैष्णवी लॉन में आयोजित गोरक्ष क्षेत्रीय बैठक में गोरक्ष क्षेत्र के 12 जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों और व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें आगामी तीन सितंबर को लखनऊ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय व्यापारी महासम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ।

बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि पिछले 33 वर्षों से अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। व्यापारी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। यदि प्रत्येक बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान को संगठन से जोड़ा जाए तो व्यापारियों की समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी ढंग से कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तीन सितंबर को लखनऊ में होने वाला महासम्मेलन व्यापारिक हितों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

गेट पास व्यवस्था का मुद्दा उठाने पर मिला आश्वासन

संदीप बंसल ने मंडी समिति की ओर से छह जुलाई से लागू की गई गेट पास और ट्रैकिंग व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। संगठन ने शासन स्तर पर इस समस्या को मजबूती से उठाया, जिसके बाद संबंधित मंत्री ने व्यवस्था वापस लेने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल ने कहा कि व्यापारी समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने बाजार स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर दिया। जिलाध्यक्ष आलोक चौरसिया ने कहा कि गोरखपुर के प्रत्येक बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान तक संगठन की पहुंच मजबूत की जाएगी। महानगर अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार शुक्ल व महानगर महामंत्री डॉ. भोलेन्द्र नारायण दूबे ने संगठन को व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की सशक्त आवाज बताया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में गोरखपुर महानगर इकाई की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अतुल गुप्ता तथा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा अनीता जायसवाल सहित अन्य अतिथियों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलराम अग्रवाल, संरक्षक योगेंद्र नाथ दूबे, युवा जिलाध्यक्ष अब्दुल मेराज खान, अशोक सिंह, रोहित सर्राफ, रामसेवक सर्राफ, विक्की कुकरेजा, सचिन्द्र नाथ पांडेय, संजय मिश्र, अमित शिवाजी, शैलेंद्र पटवा, अनिल पटवा, मनोज पटवा, विनोद चौधरी, राजीव पांडेय, नम्रता श्रीवास्तव, अनुराधा गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय