ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जौनपुर में विकास कार्यों की समीक्षा की

 




जौनपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के प्रभारी एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर जौनपुर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों, विधायकों एवं उनके प्रतिनिधियों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों और राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पिछले माह कराए गए विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।

पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि वह समय-समय पर सरकारी व्यवस्थाओं, विकास कार्यों और राजनीतिक परिस्थितियों की समीक्षा करते रहते हैं। इसी क्रम में जौनपुर का दौरा किया गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी में पार्टी के राजनीतिक साथियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि पिछले और वर्तमान माह में कराए गए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अब तक की समीक्षा में जिला प्रशासन के कार्यों को बेहतर बताते हुए उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

समाजवादी पार्टी की ओर से महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को सबसे पहले महिलाओं के प्रति अपनी सोच में बदलाव लाने की जरूरत है। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय की परिस्थितियां किसी से छिपी नहीं हैं।

नेपाल में आई प्राकृतिक त्रासदी पर प्रभारी मंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

शर्मा ने वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई आपदा को याद करते हुए कहा कि उस त्रासदी में भी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने कहा कि उस समय गुजरात के मुख्यमंत्री रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह भी केदारनाथ गए थे। इसलिए वह प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों की पीड़ा को समझ सकते हैं। उन्होंने नेपाल त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव