आज के युग में हर क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग, सही उपयोग से जीवन को बनाया जा सकता है सफल : डॉ मुक्ता गर्ग
कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। आज के युग में हम हर क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रयोग कर रहे हैं। यह मानव जीवन की हर अवस्था में उपयोगी साबित हो रही है। सही तरीके से इसके उपयोग से जीवन को अधिक आसान और सफल बनाया जा सकता है। विभिन्न ऐप्स के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। यह बातें गुरुवार को डॉ मुक्ता गर्ग ने कही।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान संकाय में मानव विकास एवं पारिवारिक अध्ययन विभाग द्वारा द रोल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन शेपिंग फैमिली डायनामिक्स एक्रोस लाइफ स्पेन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अधिष्ठाता डॉ सीमा सोनकर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीएचडी द्वितीय सेमेस्टर की छात्राओं ने शैशव, बाल्यावस्था, किशोरावस्था, प्रौढ़ावस्था और वृद्धावस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न आयु वर्गों के लिए उपलब्ध ऐप्स के प्रयोग और उनसे जुड़ी सावधानियों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला के अंत में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ सुमेधा चौधरी ने प्रश्न पूछे। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों में प्रियंका ने सर्वाधिक प्रश्नों के सही उत्तर दिए, जबकि अन्य प्रतिभागियों ने भी एआई के उपयोग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ श्वेता राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रेनू द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ संघमित्रा महापात्र सहित संकाय की अन्य शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरती, अंजली, इंदु, वैष्णवी और निहारिका का विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद