अहिल्याबाई होल्कर ने मुगलों द्वारा तोड़े गए मंदिरों का कराया जीर्णोद्धार : प्रकाश पाल

 

लखनऊ, 13 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भाजपा मुख्यालय पर महान् समाज सुधारक पुण्यश्लोका लोकमता देवी अहिल्या बाई होल्कर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि एवं संगोष्ठी आयोजित की गई।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस अवसर पर कहा कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर ने मुगलों के द्वारा तोड़े गए मंदिरों का निर्माण करवाया व जीर्णोद्धार कराया। उन्होंने नारी सशक्तिकरण, भीलो और आदिवासियों के उत्थान के लिए कार्य किया। ऐसी महान् विभूति का अपमान अखिलेश यादव क्यों करते हैं ?

उन्होंने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से पूंछना चाहता हूँ कि पुण्यश्लोक, लोकमाता, देवी अहिल्याबाई होल्कर ने मुगल आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए गए हजारों मंदिरों और तीर्थस्थलों का जीर्णोद्धार करवाया था, कहीं आप इस बात से नाराज तो नहीं, क्या आप मुग़लों द्वारा किए गये विध्वंश से पक्षधर हो और पुनः निर्माण के पक्षधर नहीं? उन्होंने अखिलेश यादव से प्रश्न किया कि पुण्यश्लोक, लोकमाता, देवी अहिल्याबाई होल्कर जी ने सनातन धर्म के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया, प्रत्येक सनातनी उनके प्रति आदर एवं श्रद्धा का भाव रखता है, और उनका ऋणी है, कही आप सनातन विरोधी तो नहीं हो? मुगल मानसिकता के कारण तो पुण्यश्लोक, लोकमाता, देवी अहिल्याबाई होल्कर राजकीय महाविद्यालय से उनका नाम तो नहीं हटाया?

प्रकाश पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से प्रश्न करते हुए कहा कि पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी अति पिछड़े, पाल - बघेल - होलकर समाज में पैदा हुई और इतनी महान क्यों हुई आपको इस बात से चिढ़ तो नहीं है? जबकि लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासन में जनकल्याण, न्याय और सुशासन को प्राथमिकता दी, देश के अनेक तीर्थस्थलों और मंदिरों के पुनर्निर्माण तथा जीर्णोद्धार में उनका योगदान रहा, लोकमाता किसी एक जाति या समाज की विरासत नहीं, बल्कि पूरे भारत की गौरवशाली विरासत हैं, उनके जीवन और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कर्यक्रम के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री संजय भाई पटेल, प्रदेश मंत्री ज्योति सोनी, सुरेश याज्ञसेनी, प्रदेश कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन