मोटे अनाज की खेती पर ध्यान दें किसान : सूर्य प्रताप शाही

 


मुरादाबाद, 28 जून (हि.स.)। इस बार बारिश में कमी आने और सूखे की आशंका है। इसको देखते हुए सरकार ने बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में बीज और साधन सहकारी समितियों पर उर्वरकों की व्यवस्था कर रखी है। अब किसानों को भी इस बात का ध्यान रखना है कि जहां सिंचाई की सुविधा नहीं है, या कम पानी उपलब्ध है वहां ऐसी फसल ही बोएं, जिसमें कम पानी की जरूरत पड़े। इसके अलावा मोटे अनाज की खेती पर ध्यान दें, जिससे कि फसल खराब न हो और उसकी उपज का उचित मूल्य भी मिले। यह बातें मुरादाबाद के एग्री क्लिनिक एग्री बिजनेस प्रशिक्षण केंद्र में रविवार को पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कही।

एग्री क्लिनिक एग्री बिजनेस प्रशिक्षण केन्द्र जार्डस मनोहरपुर मुरादाबाद में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही का स्वागत केंद्र के निदेशक डॉ दीपक मेंदीरत्ता ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने केंद्र पर स्थापित एकीकृत कृषि प्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने मॉडल की प्रशंसा की। कृषि मंत्री ने केंद्र पर आये कृषक उद्यमी तथा एग्रीप्रेन्योर्स को संबोधित करते हुए कहा कि यह केंद्र बहुत अच्छा काम कर रहा हैं। इसकी प्रशंसा प्रदेश और उसके बाहर भी होती है। किसान जब तक अपनी सोच बदल कर कृषि उद्यमी नहीं बनेगा तब तक उसकी तरक्की नहीं होगी।

कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश डॉ पंकज त्रिपाठी ने कहा प्राकृतिक खेती का जो मॉडल जार्डस मनोहरपुर मुरादाबाद ने डेवलप किया है काफी सराहनीय है। केंद्र द्वारा किसानों तथा कृषि स्नातकों को कृषि उद्यमी बनाया जा रहा है, यह आज की आवश्यकता है। केंद यू ही काम करता रहे विभाग द्वारा सहयोग दिया जायेगा , यहां प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण केन्द्र जार्डस मनोहर पुर मुरादाबाद बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल