पेड़ से लटका मिला कृषि विभाग कर्मी का शव, जांच में जुटी पुलिस

 


औरैया, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर थाना क्षेत्र के आँतों गांव के पास स्थित एक बगिया में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान दिबियापुर के इंद्रा नगर भट्ठा बस्ती निवासी अनिल कुमार सिंह (50) के रूप में हुई है। वह कृषि विभाग में सहार क्षेत्र में कार्यरत थे। ग्रामीणों ने बगिया में पेड़ से शव लटका देख सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक की बाइक भी शव के पास खड़ी मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिवार में पत्नी रश्मि, पुत्र प्रिंस और पुत्री वृष्टि हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक शराब पीने का आदी था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था, जिससे वह परेशान रहते थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार