लखनऊ में 17 अप्रैल को होगा कृषि पर क्षेत्रीय सम्मेलन : सूर्यप्रताप शाही
लखनऊ, 20 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा लखनऊ में 'कृषि पर क्षेत्रीय सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। उत्तरी क्षेत्र के लिए प्रस्तावित यह महत्वपूर्ण सम्मेलन आगामी 17 अप्रैल, 2026 को आयोजित होगा। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख राज्यों के कृषि मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को जारी बयान में कि इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से कृषि उत्पादकता को बढ़ाना, किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करना और कृषि क्षेत्र का सतत विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन लक्ष्यों की प्राप्ति में राज्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और निर्णायक है।
कृषि मंत्री ने बताया कि यह सम्मेलन कृषि और संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने, महत्वपूर्ण योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करने और राज्यों के बीच सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने के लिए एक प्रभावशाली मंच प्रदान करेगा। इस सम्मेलन का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र ही साझा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों की उपस्थिति एवं उनके बहुमूल्य सुझाव सम्मेलन की चर्चाओं को अत्यंत समृद्ध बनाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन