शुद्ध पेयजल के लिए मर्करी इंटरनेशनल व लखनऊ विश्वविद्यालय के मध्य हुआ समझौता
लखनऊ, 20 जुलाई (हि.स.)। शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल के क्षेत्र में अनुसंधान व आधुनिक तकनीकों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए साेमवार काे मर्करी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के मध्य एक समझौता (एमओयू) हुआ।
मर्करी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक दुर्गेश राय ने कहा कि उनकी कंपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित समाधानों के माध्यम से शुद्ध पेयजल के क्षेत्र में कार्य कर रही है। यह तकनीकी सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी पहल संचालित करने का निःशुल्क सहयोग है, जिसका उद्देश्य आधुनिक तकनीक का उपयोग कर समाज को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए अनुसंधान, नवाचार तथा तकनीकी विकास को बढ़ावा देना एवं जनस्वास्थ्य में सुधार करना है।
राय ने बताया कि कंपनी विगत 30 वर्षों से भारतीय मानक ब्यूरो पर कार्य कर रही है और आधुनिक टेक्नोलॉजी हेतु सतत कार्य करती आ रही है। कंपनी भारत सरकार व अन्य राज्य सरकारों के मध्य शुद्ध पेयजल के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है।
लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी ने इस अवसर पर कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय के द्वितीय परिसर के लिए यह अत्यंत गौरव एवं प्रसन्नता का विषय है कि शुद्ध पेयजल जैसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर मर्करी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड जैसी एआई आधारित तकनीकी कंपनी के साथ सहयोग स्थापित हुआ है। यह समझौता विश्वविद्यालय में शोध, नवाचार एवं तकनीकी विकास को नई दिशा प्रदान करेगा तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को आधुनिक तकनीकों पर कार्य करने का अवसर उपलब्ध कराएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्द्र पाण्डेय