आगरा बना वैश्विक फुटवियर हब - 18वें इंटरनेशनल फुटवियर मेले 'मीट एट आगरा' का भव्य समापन
3 से 5 अक्टूबर तक मीट एट आगरा का १८ वां भव्य आयोजन
आगरा, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ताजनगरी आगरा एक बार फिर दुनिया के फुटवियर मानचित्र पर चमकी है। 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक आगरा ट्रेड सेंटर, सिंगना में आयोजित 18वां इंटरनेशनल मीट एट आगरा -2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (AFMEC) द्वारा आयोजित इस तीन दिवसीय महाकुंभ ने लेदर, फुटवियर कंपोनेंट, मशीनरी और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए।
मेले का उद्घाटन यू पी स्टेट ट्रांसपोर्टेशन कमीशन की सीईओ मनोज कुमार सिंह द्वारा कमिश्नर आगरा मंडल और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ।
इस बार मेले की थीम थी - डिस्कवर, क्रिएट, कनेक्ट एन्ड ग्रो
250 से अधिक प्रदर्शक, ३० हजार से ज्यादा विजिटर्स
आयोजन समिति के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि इस बार मेले में भारत के अलावा चीन, इटली, ताइवान, पुर्तगाल और जर्मनी सहित 11 देशों के 250 से अधिक प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया। अकेले चीन की 8 बड़ी मशीनरी कंपनियों ने अपने अत्याधुनिक प्लांट और ऑटोमेशन टेक्नोलॉजी का प्रदर्शन किया। तीन दिनों में करीब 20 हजार से अधिक व्यापारिक आगंतुकों, निर्यातकों, निर्माताओं और युवा उद्यमियों ने मेले का भ्रमण किया।
मेले को तीन प्रमुख हॉल में बांटा गया था - हॉल-ए में फुटवियर कंपोनेंट्स, सोल, केमिकल और एडहेसिव, हॉल-बी में फिनिश्ड लेदर और रॉ मैटेरियल और हॉल-सी में शू मेकिंग मशीनरी, लेजर कटिंग, ऑटोमेटिक स्टिचिंग और 3D डिजाइनिंग टेक्नोलॉजी प्रदर्शित की गई।
B2B डील और तकनीकी समझौतों की भरमार
यह आयोजन केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि बिजनेस डील का बड़ा मंच साबित हुआ। आयोजकों के अनुसार, मेले के दौरान 300 करोड़ रुपये से अधिक के प्रारंभिक व्यापारिक समझौते और तकनीकी सहयोग (ज्वाइंट वेंचर) पर चर्चा हुई है। इटली, चीन और ताइवान के ट्रेड कमिश्नरों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने आगरा के उद्यमियों के साथ सीधी B2B मीटिंग की।
गोपाल गुप्ता ने कहा, भारत के हालिया मुक्त व्यापार समझौतों के बाद वैश्विक बाजार में आगरा के जूतों की मांग तेजी से बढ़ी है। अब समय है कि हम पारंपरिक कारीगरी के साथ आधुनिक मशीनों और डिजाइन को जोड़े। यह मेला उसी दिशा में एक सेतु है।
युवाओं और महिला उद्यमियों पर फोकस
इस बार मेले में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत कई स्टार्टअप्स और महिला उद्यमियों ने भी अपने स्टॉल लगाए। फुटवियर डिजाइनिंग और सस्टेनेबल लेदर पर आयोजित टेक्निकल सेमिनार आकर्षण का केंद्र रहे, जिसमें FDDI और CLE के विशेषज्ञों ने निर्यात के नए मानकों पर जानकारी दी।
समापन पर सम्मान
5 अक्टूबर को समापन समारोह में उत्कृष्ट स्टॉल, इनोवेटिव प्रोडक्ट और बेस्ट डिजाइन के लिए निर्यातकों को सम्मानित किया गया। AFMEC के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शाहब मोहसिन ने बताया कि 70% विजिटर हर साल इस मेले में आते हैं, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है।
मीट एट आगरा फुटवियर की ग्लोबल कैपिटल बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
निश्चित रूप से आगरा में 3 से 5 अक्टूबर तक आयोजित किए गए मीट एट आगरा १८ वां इंटरनेशनल शू फेयर में एक्जीबिटर्स और और विजिटर्स की बड़ी संख्या तथा अंतरराष्ट्रीय पटल पर लोगों के अंदर इस मेले में बढ़ती रूचि को देखते हुए मीट एट आगरा ने साबित कर दिया है कि आगरा सिर्फ ताजमहल का शहर नहीं, बल्कि दुनिया की फुटवियर राजधानी बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय