बाबा साहब के संविधान से देश के हर नागरिक को मिला बराबरी का अधिकार : केशव प्रसाद मौर्य

 




आगरा , 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में डा. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 31वीं भीम नगरी का विधिवत उद्घाटन किया और वहां मौजूद अंबेडकर अनुयायियों के जनसमूह को संबोधित किया।

आगरा में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को शोभा यात्रा कार्यक्रम के बाद बुधवार को जीआईसी ग्राउंड में तैयार की गई भीम नगरी के 31वें तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आज देर शाम भीम नगरी मंच पर पहुंच कर विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर भीम नगरी केंद्रीय आयोजन समिति के पदाधिकारी और अंबेडकर अनुयायी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस मौके पर डिप्टी सीएम ने मंच से कार्यक्रम में मौजूद बड़ी संख्या में बाबा साहब के अनुयायियों को संबोधित किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने अपनी संबोधन में कहा कि बाबा साहब के संविधान से देश के हर नागरिक को बराबरी का अधिकार है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षित बनें, संगठित रहें और संघर्ष के रास्ते पर चलकर समाज को आगे बढ़ाएं। मौर्य ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बाबा साहब के आदर्शो और सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है।

उद्घाटन कार्यक्रम से पहले थाईलैंड से आए विद्वान भंते फ्रा अमनात इंटीटेचो की मौजूदगी में बुद्ध वंदना की गई। इस दौरान पूरा पंडाल 'जय भीम' के नारों से गुंजायमान हो गया।

भीमनगरी समारोह 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है।जिसमें विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक आदि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के मुताबिक 16 अप्रैल को को नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद भी भीमनगरी पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। बुधवार की रात को पंजाबी गायिका गिन्नी माही का कार्यक्रम भी है।

उद्घाटन कार्यक्रम से पहले सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। यमुना पर रबर डेम आदि कई विकास की योजनाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों का जवाब देते हुए कहा कि गिरगिट को आपने रंग बदलते हुए देखा होगा लेकिन 2027 के चुनाव तक अखिलेश यादव कई रंग बदलेंगे, कभी लाल टोपी में, कभी जालीदार टोपी में,कभी लाल गमछा कभी नीला गमछा में नजर आएंगे।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से, केन्द्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, एम.एल.सी. विजय शिवहरे, महापौर आगरा हेमलता दिवाकर, विधायक फतेहाबाद छोटेलाल वर्मा, विधायक आगरा कैण्ट डा0 जी.एस. धर्मेश, विधायक खैरागढ भगवान सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रशांत पौनिया, उच्च शिक्षा मंत्री उ0प्र0 सरकार योगेंद्र उपाध्याय, कैबिनेट मंत्री उ0प्र0 सरकार धर्मवीर प्रजापति, अध्यक्ष, उ0प्र0 लघु उद्योग नि.लि. उ0प्र0 राकेश गर्ग, विधायक आगरा उत्तरी पुरुषोताम खंडेलवाल आदि माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay