आगरा : फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन
पिछले दो दिनों से आगरा में बुखार से थे पीड़ित, चल रहा था इलाज
दिल्ली ले जाते वक्त नोएडा के निजी अस्पताल में कराये गये थे भर्ती, वहीं ली अंतिम सांस
आगरा, 24 सितंबर (हि.स.)। आगरा जनपद के विधानसभा क्षेत्र फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देहांत हो गया। 73 वर्षीय विधायक छोटेलाल वर्मा पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित बताए गए।
बुखार में तबीयत बिगडी, अस्पताल में हुई मृत्यु
आगरा के विधानसभा क्षेत्र 93 फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का पिछले दो दिनों से आगरा के एक निजी अस्पताल में बुखार के चलते इलाज चल रहा था,स्वास्थ्य में आशा अनुरूप सुधार ना होने के कारण परिजनों द्वारा उनको दिल्ली ले जाते वक्त नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
आगरा से दिल्ली ले जाते वक्त नोएडा अस्पताल में कराये गए थे भर्ती
आगरा के निजी अस्पताल में उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें दिल्ली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली । उनके निधन की खबर से आगरा और फतेहाबाद क्षेत्र में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
सांसद फतेहपुर सिकरी(आगरा) राजकुमार चाहर ने बताया कि उन्हें पिछले दो दिनों से बुखार था। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने आगरा में उन्हें राजपुर चुंगी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन स्वास्थ्य में जरुरी सुधार नहीं होने पर परिजन बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने लगे। दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद परिजनो ने उन्हें नोएडा के एक अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया परंतु चिकित्सकों के भरपूर प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया न जा सका और अस्पताल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार को सांत्वना देने बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं लोग
73 वर्षीय छोटेलाल वर्मा के निधन से पूरे जनपद और फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गमगीन माहौल बना हुआ है।उनके घर पहुंच कर संवेदना व्यक्त करने वालों का ताँता लगा हुआ है। उनके परिवार में दो पुत्र और पुत्री हैं सभी विवाहित हैं। पुत्र महाविद्यालयों के संचालन से जुड़े हैं।
पूरे विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ सजातीय मतदाताओं पर थी मजबूत पकड़
लगभग 325000 मतदाताओं वाले फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 15 फीसदी निषाद समाज के मतदाताओं पर सजातीय छोटेलाल वर्मा की अच्छी पकड़ थी। इसी वजह से इस क्षेत्र में वे भाजपा के एक प्रभावशाली और अच्छे जानदार वाले नेता माने जाते थे छोटेलाल वर्मा 2012 में बसपा से इसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे 2002 में वह भाजपा से फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र विधायक रहे 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से विधायक चुने गए उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि काफी पुरानी है।
जिला अध्यक्ष भाजपा प्रशांत पोनियाँ ने बताया कि उनका शव आगरा पहुंच रहा है। अभी तक भाजपा के किसी बड़े नेता के आगरा पहुंचने की सूचना नहीं है फिर भी पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात की चर्चा है प्रदेश स्तरीय किसी बड़े नेता का मौजूदगी में ही अंतिम संस्कार होगा।
सीएम योगी ने विधायक के निधन पर जताया दुख
सीएम योगी आदित्यनाथ ने छोटे लाल वर्मा के निधन पर दुख जताया है. सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
सांसद राजकुमार चाहर ने भी व्यक्त किया दुख
आगरा के फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर ने भी विधायक के निधन पर दुख जताया है. सांसद ने लिखा, फतेहाबाद के लोकप्रिय विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके असंख्य समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें.।
हिन्दुस्थान समाचार / विवेक उपाध्याय