पूर्व वायुसेना के सैनिक रामेश्वर दत्त मिश्र का निधन,नेत्रदान कर दे गए मानवता का संदेश
-शनिवार को वाराणसी में होगा अंतिम संस्कार, पुत्र आशुतोष मिश्र देंगे मुखाग्नि
गोरखपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। भारतीय वायुसेना के पूर्व सैनिक एवं नागरिक सुरक्षा कोर के पूर्व डिवीजनल वार्डन रामेश्वर दत्त मिश्र का शुक्रवार को 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। गोरखनाथ क्षेत्र स्थित एक चिकित्सालय में उपचार के दौरान हृदयाघात होने से उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई।
भारतीय वायुसेना में सेवाकाल के दौरान अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाने वाले रामेश्वर दत्त मिश्र ने सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक दायित्वों से स्वयं को अलग नहीं किया। उन्होंने नागरिक सुरक्षा कोर में डिवीजनल वार्डन के रूप में भी सेवाएं दीं और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
जीवन भर सेवा और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने वाले रामेश्वर दत्त मिश्र ने मृत्यु के बाद भी किसी के जीवन में उजाला भरने का संकल्प लिया था। उन्होंने अपने दोनों नेत्र दान करने की इच्छा पहले ही परिवार से व्यक्त कर रखी थी। उनके निधन के बाद पुत्र आशुतोष मिश्र ने पिता की अंतिम इच्छा पूरी कराते हुए नेत्रदान कराया। सूचना पर मेडिकल कॉलेज की टीम पहुंची और नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की। परिवार की ओर से जारी मिली है कि उनका अंतिम संस्कार शनिवार को वाराणसी में हाेगा। पुत्र आशुतोष मिश्र उन्हें मुखाग्नि देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय