पनकी की मसाला फैक्ट्री में मिलावटी हल्दी बनाने का खुलासा
कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मंगलवार को पनकी स्थित एक मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कथित तौर पर चावल के टुकड़ों में रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किए जाने का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान छह नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए, जबकि पांच लाख छियासी हजार दो सौ रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त कर लिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह और रजनीश राय की टीम ने इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में हल्दी पाउडर का निर्माण होता मिला, लेकिन वहां साबुत हल्दी उपलब्ध नहीं थी। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि चावल के टुकड़ों में पीला रंग मिलाकर हल्दी जैसा उत्पाद तैयार किया जा रहा था। परिसर में मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, चावल के टुकड़े, मिर्च में मिलाने के लिए प्रयुक्त रंग और अन्य कच्चा माल भी मिला।
टीम ने मौके से हल्दी पाउडर, हल्दी में इस्तेमाल किए जा रहे लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में मिलाया जाने वाला रंग तथा धनिया पाउडर सहित कुल छह नमूने लेकर खाद्य विश्लेषक की प्रयोगशाला भेज दिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि उत्पाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने सतहत्तर बैग चावल के टुकड़े, बयालीस बैग हल्दी पाउडर, तीस किलोग्राम धनिया पाउडर, तीस किलोग्राम मिर्च पाउडर और बीस किलोग्राम हल्दी अपमिश्रक को कब्जे में लिया। जब्त सामग्री का कुल मूल्य पांच लाख छियासी हजार दो सौ रुपये आंका गया है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की, कि मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण या बिक्री की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप