सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में प्रवेश शुरू

 


कानपुर, 11 मई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। बी.फार्मा, डी.फार्मा, बी.फार्मा लेटरल एंट्री और एम.फार्मा जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के माध्यम से छात्रों को फार्मेसी क्षेत्र में बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा। यह जानकारी सोमवार को संस्थान की निदेशक डॉ. निशा शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का यह संस्थान फार्मेसी शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। संस्थान में अनुभवी और शोध आधारित फैकल्टी छात्रों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करती है। हाल के वर्षों में संस्थान के कई शोध पत्र, पुस्तकें और पेटेंट प्रकाशित हुए हैं, जो इसकी मजबूत रिसर्च संस्कृति को दर्शाते हैं।

बी.फार्मा पाठ्यक्रम की अवधि चार वर्ष है। इसमें 100 सीटें उपलब्ध हैं और वार्षिक शुल्क एक लाख ग्यारह हजार दो सौ रुपये निर्धारित किया गया है। प्रवेश के लिए 10+2 PCM या पीसीबी से उत्तीर्ण होना आवश्यक है। बारहवीं का परिणाम प्रतीक्षित अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

डी.फार्मा पाठ्यक्रम की अवधि दो वर्ष है। इसमें 60 सीटें हैं और वार्षिक शुल्क एक लाख एक हजार दो सौ रुपये निर्धारित है। प्रवेश के लिए 10+2 पीसीएम या पीसीबी से उत्तीर्ण होना जरूरी है। बी.फार्मा लेटरल एंट्री पाठ्यक्रम की अवधि तीन वर्ष है। इसमें दस सीटें उपलब्ध हैं और वार्षिक शुल्क एक लाख ग्यारह हजार दो सौ रुपये है। इसके लिए पीसीआई से मान्यता प्राप्त संस्थान से डी.फार्मा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।

एम.फार्मा पाठ्यक्रम की अवधि दो वर्ष है। इसमें फार्मास्यूटिक्स, फार्मास्यूटिकल केमिस्ट्री, फार्माकोलॉजी और फार्माकोग्नोसी शाखाएं उपलब्ध हैं। प्रत्येक शाखा में 15 सीटें निर्धारित हैं और वार्षिक शुल्क 90,200 रुपये रखा गया है। प्रवेश के लिए बी.फार्मा में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। बी.फार्मा अंतिम वर्ष का परिणाम प्रतीक्षित अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।

संस्थान में छात्रों के प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए एफटीआईआर, एचपीएलसी, एचपीटीएलसी, यूवी-विजिबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, आधुनिक एनिमल हाउस और मेडिसिनल गार्डन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। डॉ. निशा शर्मा ने बताया कि छात्रों को दवा निर्माण कंपनियों, अस्पतालों, क्लिनिकल रिसर्च, सरकारी सेवाओं, शिक्षण और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में बेहतर करियर अवसर मिल सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट csjmu.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप