सीएसजेएमयू में योग पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
कानपुर, 06 मई (हि.स.)। बुधवार को छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए योग विषय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक ज्ञान के साथ रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योग पाठ्यक्रम के समन्वयक डॉ. रामकिशोर के अनुसार कैंपस में स्नातक स्तर पर बीएससी योग साइंस कोर्स संचालित है, जिसमें कुल 40 सीटें निर्धारित हैं। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है और इसकी वार्षिक फीस 27,400 रुपये तय की गई है।
परास्नातक स्तर पर एमएससी योग साइंस कोर्स संचालित है, जिसमें प्रवेश के लिए किसी भी संकाय से बीएससी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इस पाठ्यक्रम में कुल 20 सीटें हैं और इसकी फीस 37,400 रुपये प्रति वर्ष निर्धारित है। वहीं एमए योग पाठ्यक्रम में भी 20 सीटें उपलब्ध हैं, जिसमें स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं और इसकी फीस भी 37,400 रुपये प्रति वर्ष है।
इसके अतिरिक्त पीजी डिप्लोमा इन योग एजुकेशन पाठ्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रवेश के लिए स्नातक होना अनिवार्य है। इस पाठ्यक्रम में कुल 20 सीटें हैं और इसकी फीस 19,900 रुपये निर्धारित की गई है।
इन पाठ्यक्रमों की विशेषता यह है कि विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन कक्षाएं संचालित होती हैं। साथ ही योग ओपीडी में योग चिकित्सा का व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाता है। विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए डिजिटल मार्केटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अतिरिक्त प्रशिक्षण भी अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा प्रदान किया जाता है।
इन कोर्सों के माध्यम से विद्यार्थी योग प्रशिक्षक, योग थेरेपिस्ट, वेलनेस कोच और फिटनेस विशेषज्ञ के रूप में अपना करियर बना सकते हैं। इसके अलावा शोध और अकादमिक क्षेत्र में भी बेहतर संभावनाएं मौजूद हैं।
कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक ने बुधवार को योग शिक्षा न केवल शारीरिक और मानसिक संतुलन प्रदान करती है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप