आरटीई के अंतर्गत चिन्हित बच्चों को 07 दिन में अनिवार्य रूप से प्रवेश दिलाएं : जिलाधिकारी

 


मुरादाबाद, 24 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग की जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण और मध्याह्न भोजन समिति से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आरटीई के अन्तर्गत ऐसे बच्चे, जिनका लाॅटरी में नाम आ चुका है, उनका प्रवेश आवंटित विद्यालय में सात दिवस में अनिवार्य रूप से कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे बच्चे, जो अभी प्रवेश से वंचित हैं, उनका प्रवेश विद्यालयों में कराए जाने हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के स्तर से खण्ड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में 02-02 सदस्य की 06 टीम गठित की जाएगी, जो व्यक्तिगत रुप से प्रवेश से वंचित बच्चों के प्रवेश के लिए स्कूल के प्रबन्धन से वार्ता कर प्रवेश कराया जाना सुनिश्चित करेंगे। जो बच्चे प्रवेश से वंचित हैं, उनका प्रवेश आवंटित किए गये विद्यालयों में 07 दिवस के अन्दर अनिवार्य रुप से करा लिया जाये। नगर क्षेत्र/नगर पंचायतों के अन्तर्गत संचालित विद्यालयों में विद्यालय स्तर पर भोजन बनवाने की व्यवस्था समय से पूर्ण करा ली जाये। निपुण भारत ऐप पर बच्चों को प्रेक्टिस करायी जाये और देखा जाये कि बच्चे ऐप के उत्तर कर पा रहे हैं या नहीं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कुल कार्यरत 35 एआरपी का रोस्टर बनाया जाये तथा रोस्टर के अनुसार ही विद्यालय में एसेसमेंट का कार्य किया जाये। एसेसमेंट का कार्य निर्धारित 02 घंटे से पूर्व किसी भी दशा में पूर्ण नहीं होना चाहिए।

बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयक आदि उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल