तीन से छह अक्टूबर तक समर्थ पोर्टल पर प्रवेश करना होगा लॉक

 


मुरादाबाद, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद ने सत्र 2026-27 में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कॉलेजों को अवसर दिया है। कुलसचिव ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि सत्र 2026-27 में प्रवेशित छात्र-छात्राओं का प्रवेश समर्थ पोर्टल पर तीन से छह अक्टूबर तक लॉक करना सुनिश्चित करें।

प्रवेश लॉक करने से पहले छात्र-छात्रा द्वारा पंजीकरण के दौरान की गई प्रविष्टियों का उनके शैक्षिक प्रमाणपत्रों से भली-भांति मिलान करना अनिवार्य होगा। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो महाविद्यालय अपने स्तर से उसमें सुधार कर ही प्रवेश लॉक करे।

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि छह अक्तूबर के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन और प्रवेश लॉक की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी संबंधित महाविद्यालय की होगी। साथ ही सत्र 2026-27 में प्रत्येक सेमेस्टर में न्यूनतम 90 शिक्षण दिवसों का संचालन हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा है।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी का कहना है कि पाठ्यक्रम को समय पर पूरा कराने के लिए यदि अतिरिक्त कक्षाओं की जरूरत पड़े तो अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर कोर्स पूरा कराया जाए, ताकि सत्र 2026-27 में प्रवेशित छात्रों की परीक्षाएं समय पर संपन्न कराई जा सकें। विवि ने कहा है कि आदेशों का अनुपालन अपरिहार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल