सीएसजेएमयू में विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू

 


कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सत्र 2026–27 के लिए विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू हो गया है। बीए एलएलबी, बीबीए, एलएलबी और एलएलएम कोर्स शामिल हैं। प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। “छात्रों को बेहतर विधिक शिक्षा देकर उन्हें पेशेवर क्षेत्र के लिए तैयार करना हमारा उद्देश्य है। यह बातें रविवार को निदेशक डॉ. स्मृति रॉय ने कही।

अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज में इस सत्र के लिए स्नातक स्तर पर बीए एलएलबी (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स) और तीन वर्षीय एलएलबी (ऑनर्स) पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना आवश्यक है, जबकि तीन वर्षीय एलएलबी के लिए स्नातक डिग्री अनिवार्य है। स्नातकोत्तर स्तर पर दो वर्षीय और एक वर्षीय एलएलएम कार्यक्रम भी उपलब्ध हैं।विश्वविद्यालय ने पाठ्यक्रमों को समकालीन जरूरतों के अनुसार अपडेट किया है, जिसमें संवैधानिक मूल्यों, आपराधिक न्याय प्रणाली, कॉर्पोरेट कानून और बौद्धिक संपदा अधिकार जैसे विषय शामिल किए गए हैं। साथ ही भारतीय विधिक परंपरा और न्यायशास्त्र को भी पाठ्यक्रम में स्थान दिया गया है।शिक्षण पद्धति को व्यावहारिक बनाते हुए मूट कोर्ट, विधिक ड्राफ्टिंग, केस स्टडी और शोध कार्य पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में छात्रों को न्यायालयीन प्रक्रियाओं की समझ विकसित कराई जाती है। हाल ही में विभाग द्वारा एआईयू नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें न्यायमूर्ति राजेश बिंदल मुख्य अतिथि रहे।

विभाग जल्द ही साइबर लॉ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी में है। फीस संरचना के अनुसार बीए एलएलबी 66,200 रुपये, बीबीए एलएलबी 71,200 रुपये, एलएलबी 71,200 रुपये, एलएलएम (दो वर्षीय) 65,200 रुपये और एलएलएम (एक वर्षीय) 1,45,200 रुपये निर्धारित की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप