ब्रज क्षेत्र में फर्जी पत्रकारों और ‘प्रेस’ लिखे अवैध वाहनों पर जिला प्रशासन कसेगा शिकंजा

 


मथुरा, 21 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में ब्रज प्रेस क्लब के आह्वान पर मंगलवार को जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को एक ज्ञापन सौंपकर फर्जी पत्रकारों और अवैध रूप से प्रेस लिखकर घूमने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

पत्रकारों से वार्ता के दौरान जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार ने स्पष्ट किया कि जिला सूचना अधिकारी, पुलिस (एसपी स्तर) तथा गुप्तचर विभाग के माध्यम से अलग-अलग स्तर पर गहन जांच कराई जाएगी। यदि कोई अपराधी पत्रकार बनकर घूम रहा है या ब्लैकमेलिंग में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।

हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी जवाबदेही को लेकर की गई महत्वपूर्ण टिप्पणी के बाद ब्रज प्रेस क्लब ने यह कदम उठाया है।

ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु (एडवोकेट) ने कहा न्यायालय की टिप्पणी स्पष्ट संकेत देती है कि पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने के लिए गैर-जिम्मेदार और फर्जी तत्वों पर अंकुश लगाना बेहद जरूरी है। आज बिना प्रशिक्षण और जवाबदेही के कोई भी मोबाइल-माइक लेकर पत्रकार बन बैठता है। यह अभियान वास्तविक पत्रकारों के खिलाफ नहीं, बल्कि पत्रकारिता की आड़ में वसूली और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त फर्जी तत्वों के खिलाफ है।

पत्रकारों के पास/सत्यापन प्रक्रिया अब एसपी स्तर की जांच और गुप्तचर विभाग की रिपोर्ट के बाद ही पूरी होगी। पूरे ब्रज क्षेत्र में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सहयोग से जुलाई के अंतिम सप्ताह से विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। संस्थानों में जाकर वसूली करने वाले, धर्मस्थलों व वीआईपी सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले फर्जी पत्रकारों को बेनकाब किया जाएगा।

ब्रज प्रेस क्लब ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े सभी जिम्मेदार पत्रकारों से पत्रकारिता की साख और विश्वसनीयता बचाने के लिए इस जन-जागरण अभियान में शामिल होने की अपील की है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार