रेस्टोरेंट और लाइब्रेरी में चला प्रशासन का अभियान, संचालिका समेत तीन हिरासत में

 






जौनपुर, 25 जून (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नगर कोतवाली अंतर्गत सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच को लेकर गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रानंद सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान टीडी कॉलेज के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में अनियमितताएं मिलने पर संचालिका सहित तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में जानकारी लेने पर सिटी मजिस्ट्रेट इंद्रानंद सिंह ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि टीडी कॉलेज के आसपास संचालित कुछ रेस्टोरेंटों में अलग-अलग केबिन बनाकर लोगों को बैठाया जाता है। शिकायतों के आधार पर की गई जांच में पाया गया कि सम्बंधित रेस्टोरेंट में बनाए गए केबिन सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं थे। वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और किसी आपात स्थिति में प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग रास्तों की भी व्यवस्था नहीं थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान आपत्तिजनक पाए गए केबिनों को मौके पर ही हटवा दिया गया तथा शेष संरचनाओं को भी शीघ्र हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रेस्टोरेंट संचालिका और वहां मौजूद एक युवक एवं एक युवती को हिरासत में लेकर कोतवाली में पूछताछ की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि शहर में बेसमेंट में संचालित कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की भी जांच की जा रही है। जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई है, उन्हें आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए समय दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास और अन्य जरूरी मानकों की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक बेसमेंट में किसी भी प्रकार की कोचिंग, लाइब्रेरी अथवा अन्य गतिविधियों का संचालन नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा है कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव