संभल : प्रशासन ने बिना लेआउट पास कराए विकसित हाे रहे 35 बीघा भूमि पर निर्माणाधीन ढांचे काे किया ध्वस्त

 






संभल, 30 जुलाई (हि.स.)। जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना स्वीकृत लेआउट के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। संभल तहसील के घुंघावली गांव में करीब 35 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर बाउंड्री वॉल और निर्माणाधीन ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना लेआउट स्वीकृत कराए प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, घुंघावली गांव में मोहम्मद रहबर, मोहम्मद अख्तर, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद कमर और मोहम्मद खुर्शीद द्वारा गाटा संख्या 146 और 148 की करीब 35 बीघा भूमि पर बिना लेआउट स्वीकृति के प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर पहुंची विनियमित क्षेत्र की टीम ने संबंधित लोगों से आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद शाम करीब पांच बजे बुलडोजर की मदद से अवैध बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही फैक्ट्री संचालन की तैयारी के लिए किए जा रहे निर्माण को भी गिरा दिया गया। कार्रवाई शाम चार बजे शुरू हुई और करीब साढ़े छह बजे तक चली।

इस विषय में जानकारी देते हुए एसडीएम संभल विकास चंद्र ने बताया कि विनियमित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की सूचना मिलने पर प्रवर्तन कार्रवाई की गई है। बिना लेआउट स्वीकृत कराए प्लॉटिंग करने और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दे जिले में अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उसी क्रम में संभल तहसील क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भूमि पर प्लॉटिंग शुरू करने से पहले नियमानुसार लेआउट स्वीकृत कराना अनिवार्य है।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar