गोरखपुर की आदित्या यादव ने जीता मुकाबला, अगले चक्र में बनाई जगह
गोरखपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। योनेक्स सनराइज द्वितीय राज्यस्तरीय जूनियर अंडर-19 प्रकाश नारायण श्रीवास्तव बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार काे लेविन्स एकेडमी में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। महिला एकल वर्ग में गोरखपुर की आदित्या यादव ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने ही जिले की प्रतिद्वंद्वी शगुन को 30-16 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। पूरे मुकाबले में आदित्या ने बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
महिला एकल के अन्य मुकाबलों में वाराणसी की याना गुप्ता ने अयोध्या की संजना गिरी को 30-4 से एकतरफा मुकाबले में हराया। नोएडा की श्रुति चौहान ने गाजियाबाद की भावना को 30-15 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। मेरठ की रुद्राक्षी राणा ने गोरखपुर की सुरभि सिंह को 30-7 के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
इसी वर्ग में गाजियाबाद की रिया चौधरी ने गाजीपुर की श्रेया पाल को कड़े मुकाबले में 30-24 से हराया। आगरा की दिव्यांशी गौतम ने नोएडा की स्नेहा मौर्या को 30-22 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, फिटनेस और कोर्ट पर रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया।
दोपहर बाद प्रतियोगिता में पुरुष युगल वर्ग के मुकाबले खेले गए। पुरुष युगल के रोमांचक मुकाबले में कानपुर के प्रखर मौर्य और श्रेष्ठ शुक्ला की जोड़ी ने वाराणसी के आशुतोष वर्मा और विख्यात प्रताप सिंह की जोड़ी को बेहद करीबी मुकाबले में 30-28 से पराजित किया। दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला अंतिम क्षण तक रोमांचक बना रहा।
बिजनौर के आदित्य सिंह और यश ठाकुर की जोड़ी ने लखनऊ के अंकित चौरसिया और शुभम सिंह को 30-17 से शिकस्त दी। अलीगढ़ के अभिषेक कुमार और सुमित यादव की जोड़ी ने लखनऊ और देवरिया के आर्यांशु त्यागी व प्रतिकेत प्रखर की जोड़ी को 30-23 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
लखनऊ और गोरखपुर के अनंत आनंद तथा शुभ श्रीवास्तव की जोड़ी ने गोरखपुर के ही अनुराग यादव और शुभम पांडे की जोड़ी को 30-22 से पराजित किया। वहीं गाजियाबाद और कानपुर के आरव शर्मा व शशांक रावत ने वाराणसी के आदित्य राज और योगेश सिंह की जोड़ी को 30-25 से हराया।
आगरा के आयुष मिश्रा और सुमित चहल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए गाजियाबाद के चैतन्य भारती और देव चौधरी की जोड़ी को 30-25 से पराजित किया और प्रतियोगिता के अगले चक्र में अपनी जगह सुनिश्चित की।
गोरखपुर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव राजित श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता 13 सितंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों और स्पर्धाओं के मुकाबले कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली जूनियर खिलाड़ियों को इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका अंतरराष्ट्रीय अंपायर रवि दीक्षित ने निभाई। मैच कंट्रोलर के रूप में सहारनपुर के मनीष कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा कानपुर के महीप सक्सेना, संजय श्रीवास्तव, चंदन तिवारी, उत्सव शर्मा, अजीत सिंह, मोहसिन खान और अमनमणि त्रिपाठी समेत अन्य निर्णायकों ने मैचों का सफल संचालन कराया।
दूसरे दिन के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। महिला एकल में जहां गोरखपुर की आदित्या यादव ने जीत दर्ज कर स्थानीय दर्शकों को उत्साहित किया, वहीं पुरुष युगल में भी कई मुकाबले बेहद करीबी रहे। प्रतियोगिता के अगले दिनों में विभिन्न स्पर्धाओं के निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और बढ़ने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय